हर्षदीप कौर ने ‘रॉकस्टार’ के 15 साल पूरे होने का मनाया जश्न, रिकॉर्डिंग से जुड़ा किस्सा किया साझा

Mumbai , 12 नवंबर . गायिका हर्षदीप कौर ने फिल्म ‘रॉकस्टार’ के 15 साल पूरे होने के मौके पर संगीत उस्ताद एआर. रहमान के साथ बेहद लोकप्रिय गाने ‘कतिया करूं’ की रिकॉर्डिंग से जुड़ी यादों को ताजा किया.

गायिका ने एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया कि कैसे एआर रहमान ने मौके पर ही गाना तैयार कर लिया था.

उन्होंने यह भी बताया कि कैसे उन्होंने पहले ही सोच लिया था कि वह इस फिल्म के म्यूजिक एल्बम का हिस्सा बनेंगी.

इंस्टाग्राम पर उन्होंने अपना एक वीडियो शेयर किया और फिल्म के 15 साल पूरे होने पर खुशी जाहिर की. उन्होंने ‘कतिया करूं’ के 15 साल पूरे होने पर संगीतकार रहमान का धन्यवाद किया.

उन्होंने लिखा, “इरशाद कामिल साहब, आपके शब्दों को अपनी आवाज देना मेरे लिए बहुत खास रहा. इम्तियाज सर, मुझे रॉकस्टार का हिस्सा बनाने के लिए धन्यवाद. रणबीर कपूर व नरगिस फाखरी, स्क्रीन पर इस गाने में जान डालने के लिए आप दोनों का शुक्रिया. इस सफर का हिस्सा बनने के लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगी. आप सभी का भी शुक्रिया, जो 15 साल बाद भी इस गाने को उतना ही प्यार देते हैं.”

‘कतिया करूं’ गाने का मौका कैसे मिला, इस बारे में बात करते हुए हर्षदीप ने बताया कि उन्हें एआर रहमान का फोन आया था, जिसमें उन्होंने उन्हें रॉकस्टार के एक गाने के लिए अपने स्टूडियो बुलाया था. जब वह स्टूडियो पहुंची और गाने के बोल देखे, तो उन्हें यह जानकर बहुत खुशी हुई कि वह इस फिल्म के लिए एक पंजाबी गाना गाने वाली हैं.

हर्षदीप ने बताया कि मुझे वह दिन आज भी याद है. मुझे रहमान सर का फोन आया था. उन्होंने कहा कि मेरे स्टूडियो आ जाओ, एक गाना है जो मैं चाहता हूं कि तुम गाओ. जब मैं स्टूडियो पहुंची और उन्होंने मुझे गाने के बोल दिए, तो उस पर कुछ शब्द लिखे थे ‘कतिया करूं, मैं सारी राती कतिया करूं’. मैं अंदर से बहुत खुश थी कि मुझे रहमान सर के लिए एक पंजाबी गाना गाने का मौका मिल रहा है और वह भी फिल्म रॉकस्टार के लिए. कहीं न कहीं मैंने बहुत शिद्दत से यह सोचा था कि काश मुझे भी इस फिल्म में कोई गाना गाने को मिले. जब मैं घर आई, तो मैंने तुरंत अपनी म्यूजिक डायरी खोली, जिसमें मैं अपने सभी गाने लिखती हूं.

‘कतिया करूं’ गीत इम्तियाज अली की 2011 की फिल्म ‘रॉकस्टार’ के लोकप्रिय गानों में से एक है, जिसमें रणबीर कपूर और नरगिस फाखरी मुख्य भूमिकाओं में हैं. एआर. रहमान द्वारा रचित इस गाने में सपना अवस्थी की आवाज भी शामिल है.

रॉकस्टार 11 नवंबर 2011 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी.

–

डीकेएम/एबीएम