हरिद्वार में छठ पूजा के दौरान गंगा में डूब रहे पिता-पुत्र को पीएसी आपदा राहत दल ने बचाया

Kanpur, 16 नवंबर . छठ पूजा के दौरान हरिद्वार के बहादराबाद स्थित सर्वेश्वर घाट पर गंगा में नहाने के दौरान एक 16 वर्षीय किशोर डूबने लगा. बेटे को डूबता देख उसके पिता ने भी उसे बचाने के लिए गंगा में छलांग लगा दी लेकिन तेज बहाव के कारण वह भी डूबने लगे. घाट पर तैनात 40वीं वाहिनी पीएसी के आपदा राहत दल के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. पीएसी की मुस्तैदी से छठ पूजा के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया.

जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय आयुष अपने परिजनों के साथ छठ पूजा के अवसर पर बहादराबाद स्थित सर्वेश्वर घाट पहुंचा था. परिवार के लोग गंगा किनारे पूजा-अर्चना में जुटे हुए थे. इसी दौरान आयुष ने गंगा में तैरने की कोशिश की. हालांकि, उसे पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा और वह अचानक गहरे पानी में चला गया. देखते ही देखते वह डूबने लगा और मदद के लिए चीख-पुकार मचाने लगा.

बेटे को गंगा में डूबता देख उसके पिता घबरा गए और उसे बचाने के लिए तुरंत नदी में छलांग लगा दी लेकिन गंगा का तेज बहाव उनके लिए भी मुसीबत बन गया. कुछ ही देर में पिता भी पानी में डूबने लगे. पिता-पुत्र को डूबता देख घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया. मौके पर चीख-पुकार शुरू हो गई और लोग उन्हें बचाने के लिए मदद की गुहार लगाने लगे.

घाट पर सुरक्षा के लिए तैनात 40वीं वाहिनी पीएसी के आपदा राहत दल के जवानों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. जवानों ने बिना समय गंवाए गंगा में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद आयुष और उसके पिता को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. दोनों को सकुशल बचाए जाने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली. इसके बाद दोनों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.

वहीं, घटना के बाद Police और प्रशासन ने छठ पूजा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से गंगा घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. प्रशासन ने लोगों को गहरे पानी में जाने से बचने और बच्चों को अकेले नदी में नहीं उतरने देने की हिदायत दी है. साथ ही श्रद्धालुओं से घाटों पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है, ताकि पूजा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.

–

पीएम