‘हमें वापसी की जरूरत थी’, दूसरे टेस्ट में मिली धमाकेदार जीत के बाद बोले ऑस्ट्रेलियाई कप्तान कमिंस

मैके, 23 अगस्त . ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट मैच में जबरदस्त वापसी करते हुए बांग्लादेश को एक पारी और 51 रनों से हराया. कंगारू कप्तान पैट कमिंस ने कहा कि दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश पर मिली जीत डार्विन की हार का सही जवाब थी.

बांग्लादेश को पहली पारी में सिर्फ 64 रन पर ढेर करने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने जवाब में 210 रन बनाए और 146 रनों की विशाल बढ़त हासिल की. बांग्लादेश के बल्लेबाजों का हाल दूसरी पारी में भी बेहाल रहा और पूरी टीम 95 रन बनाकर सिमट गई. मिचेल स्टार्क ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच में कुल 10 विकेट चटकाए. उन्होंने पहली पारी में 6 और दूसरी में 4 विकेट निकाले.

इस जीत से दो मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर हो गई. यह मैच दो दिन के अंदर और सिर्फ 750 गेंदों में खत्म हो गया, जो लगभग एक सदी में ऑस्ट्रेलिया का सबसे छोटा टेस्ट मैच था. मैच के बाद कमिंस ने कहा, “हां, यह सही है. पिछले हफ्ते कई चीजें गलत हुई थीं, लेकिन इन दो दिनों में बहुत कुछ अच्छा हुआ. हमें वापसी की जरूरत थी, और खिलाड़ियों ने इन दो दिनों में शानदार खेल दिखाया.”

ऑस्ट्रेलिया को डार्विन में खेले गए पहले टेस्ट में 9 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन मैके में उन्होंने बेहतर प्रदर्शन किया, खासकर गेंदबाजी और फील्डिंग में. कमिंस ने मैच का माहौल बनाने का श्रेय टीम की शानदार शुरुआत को दिया.उन्होंने कहा, “बिल्कुल. मुझे लगा कि हर कोई बहुत चुस्त था. यह पिछले हफ्ते के बिल्कुल उलट था. अगर आपको पहले एक या दो घंटे में अच्छी शुरुआत मिल जाती है, तो यह बाकी मैच की दिशा तय कर सकती है. मुझे नहीं लगता कि हम हर मैच में 20 रन पर 6 विकेट या ऐसा कुछ पाने की उम्मीद कर सकते हैं. हालांकि, यह एक शानदार शुरुआत थी और उसके बाद हमने कोई ढील नहीं दी.”

स्टार्क ने घरेलू टेस्ट में अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 10 विकेट लिए और ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजी अटैक की कमान संभाली, जबकि कमिंस ने दूसरी पारी में 3/10 और लियोन ने 3/25 के आंकड़े दर्ज किए, जिसमें मैच के आखिरी दो विकेट भी शामिल थे. कमिंस ने कैमरून ग्रीन की भी प्रशंसा की. ग्रीन ने ऑस्ट्रेलिया की ओर से पहली पारी में 67 रनों की अहम पारी खेली.

उन्होंने कहा, “मैं उनके लिए सच में बहुत खुश हूं. उन्होंने कल और आज सुबह हमारी पारी को संभाले रखा. उम्मीद है कि इससे उन्हें काफी आत्मविश्वास मिलेगा. हम जानते हैं कि वह कितने अच्छे खिलाड़ी हैं. अब वह टेस्ट क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. हमें पता है कि उनमें काबिलियत है. आगे काफी क्रिकेट है, उम्मीद है कि वह इसे इसी तरह खेलते रहेंगे.”

एसएम/एएस