हमारे पास 20 विकेट लेने के लिए मजबूत गेंदबाजी आक्रमण, प्लेइंग इलेवन पर आखिरी फैसला गिल लेंगे: मोर्ने मोर्केल

वेलिंगटन, 18 नवंबर . India के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने टीम के तेज गेंदबाजों पर भरोसा जताया है कि वे न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट मैच में 20 विकेट लेने में सक्षम हैं. उन्होंने मोहम्मद सिराज को ‘वर्ल्ड-क्लास’ खिलाड़ी बताया, लेकिन यह भी स्पष्ट किया कि गेंदबाजी संयोजन को लेकर अंतिम फैसला कप्तान शुभमन गिल ही लेंगे.

India अपनी गेंदबाजी को परिस्थितियों के हिसाब से सबसे बेहतर तरीके से सेट करने की कोशिश कर रहा है. मोर्केल ने कहा कि उन्होंने मुख्य कोच गौतम गंभीर को बता दिया है कि उनके पास मौजूद विकल्प 20 विकेट लेने के लिए काफी हैं. उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि जिन खिलाड़ियों ने पहले टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है, उन्हें समर्थन मिलना चाहिए.

मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोर्केल ने कहा, “सिराज एक वर्ल्ड-क्लास खिलाड़ी हैं. जब भी उन्होंने India की जर्सी पहनी है और मैदान पर उतरे हैं, उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है. मैंने गौतम (गंभीर) से कहा है कि हमारे पास 20 विकेट लेने के लिए पर्याप्त मजबूत गेंदबाजी आक्रमण है. अंत में इस पर फैसला शुभमन गिल ही लेंगे.”

मोर्केल ने बताया कि टीम ने कुछ अतिरिक्त विकल्प भी तैयार रखे हैं ताकि अलग-अलग परिस्थितियों की जरूरतों को पूरा किया जा सके, लेकिन अंतिम चयन इस बात पर निर्भर करेगा कि 20 विकेट लेने के लिए किस तरह की भूमिकाओं की जरूरत है. उन्होंने आगे कहा, “यही वजह है कि हमने कुछ अतिरिक्त खिलाड़ियों को भी टीम में शामिल किया है, ताकि कोई कसर न छूटे. इसके साथ ही, जो खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्हें भी भरोसा और मौका देना जरूरी है. हम तय करेंगे कि इस टेस्ट मैच के लिए सबसे अच्छा गेंदबाजी संयोजन क्या होगा, जिससे हमें 20 विकेट लेने में मदद मिले. मैंने जैसा पहले भी कहा था कि हमें यह देखना होगा कि कौन सा खिलाड़ी हवा के रुख के हिसाब से और अच्छी पार्टनरशिप बनाने के लिए अपनी भूमिका बखूबी निभा सकता है.”

गेंदबाजी कोच ने गेंदबाजों से अधिक जिम्मेदारी लेने को कहा. उन्होंने खिलाड़ियों को सलाह दी कि वे बाहरी चर्चाओं या परिस्थितियों के बारे में सोचने के बजाय, अपना पूरा ध्यान अपनी गेंदबाजी के सही क्रियान्वयन पर लगाएं. उन्होंने कहा, “हमें बाहरी शोर-शराबे को नजरअंदाज करना होगा और सही जगहों पर गेंद डालनी होगी. हम अंक गंवाने का जोखिम नहीं उठा सकते. टीम को जिम्मेदारी लेनी होगी और जल्द ही लय में आना होगा. यह जिम्मेदारी गेंदबाजों और कप्तान की है.”

मोर्केल ने बताया कि हवा का असर इस बात पर पड़ सकता है कि गेंदबाज अपनी गेंदबाजी कैसे करते हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि इसके हिसाब से ढलने के लिए बहुत ज्यादा उलझने के बजाय साफ सोच रखने की जरूरत है. मोर्केल ने समझाया, “जब आप हवा के विपरीत गेंदबाजी करते हैं, तो गेंद को थोड़ा स्विंग या मूवमेंट मिल सकता है. आपकी सोच बहुत मायने रखती है. आप अपने एक्शन को थोड़ा और रोककर रख सकते हैं. परिस्थितियों के बारे में बहुत ज्यादा न सोचें.” उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि टेस्ट मैचों का फैसला पहले दिन के बाद भी किसी शानदार स्पेल से हो सकता है, इसलिए गेंदबाजों को पूरे मैच के दौरान अपना पूरा ध्यान और प्रतिबद्धता बनाए रखनी होगी.

उन्होंने कहा, “जीतने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि पहले सेशन से ही अपनी छाप छोड़ी जाए, लेकिन सिर्फ पहले सेशन से ही टेस्ट मैच नहीं जीता जा सकता. आपको ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत होती है जो चौथे या पांचवें दिन भी कोई जादुई स्पेल डाल सकें.” मोर्केल को उम्मीद है कि गेंदबाज अपना इरादा और बॉडी लैंग्वेज तब भी बनाए रखेंगे, जब खेल की मांग के अनुसार उन्हें एक ही छोर से लगातार गेंदबाजी करनी पड़े. उन्होंने कहा, “मेरा मानना ​​है कि यह सब एक मजबूत मानसिकता की बात है. किसी न किसी को तो एक छोर से जिम्मेदारी संभालनी ही होगी और मुझे उम्मीद है कि हमारे खिलाड़ी अच्छी बॉडी लैंग्वेज दिखाएंगे यानी वे खुद गेंद मांगेंगे और टीम के लिए अपना काम पूरी लगन से करेंगे.”

उन्होंने फिर दोहराया कि India को रेड-बॉल क्रिकेट की बुनियादी बातों पर वापस लौटना चाहिए, सही लेंथ खोजनी चाहिए और पार्टनरशिप के जरिए लगातार अनुशासन बनाए रखना चाहिए. मोर्केल ने कहा, “हमें बस बाहरी शोर-शराबे को नजरअंदाज करके अपना क्रिकेट खेलना है. हमें गेंद को सही जगह पर डालना होगा और पार्टनरशिप में अच्छी गेंदबाजी करनी होगी. इस वजह से हालात के बारे में बहुत ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है. कभी-कभी हम पिच का रंग, घास, हवा या आंकड़ों को देखकर भ्रमित हो जाते हैं, और फिर सही जगह पर लगातार गेंदबाजी करना भूल जाते हैं.”

उन्होंने आगे कहा, “अगर आप यहां के आंकड़े देखें, तो जो गेंदबाज अपनी लेंथ सही रखते हैं, वे पहले और दूसरे दिन सफल रहते हैं. हमारे लिए जरूरी है कि हम जल्द से जल्द रेड-बॉल क्रिकेट वाले माइंडसेट में वापस आएं, अपनी उस प्रक्रिया पर लौटें जिससे हमें सफलता मिलती है और फिर उसे लंबे समय तक जारी रखें.”

–

एसएम/पीएम