स्मृति ईरानी ने ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ को लेकर सोशल मीडिया पर लिखा इमोशनल पोस्ट

Mumbai , 20 अक्टूबर . टीवी एक्ट्रेस और राजनेता स्मृति ईरानी ने ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ को लेकर social media पर एक इमोशनल पोस्ट लिखा.

उन्होंने पूरी यात्रा को ‘रोलर कोस्टर राइड’ बताते हुए कहा कि सेट पर कई ऐसी यादें बनाईं, जिन्हें वह और बाकी टीम हमेशा के लिए संजोकर रखेंगे.

स्मृति ईरानी ने शो के कुछ अनमोल पलों को आधिकारिक अकाउंट पर शेयर करते हुए लिखा, “यह भावनाओं का एक रोलर कोस्टर राइड जैसा अनुभव था. नई यादें बनीं, पुरानी कहानियां ताजा हुईं और जीवन के जाने-पहचाने और अनछुए पहलुओं को समेटने वाली इस यात्रा में नए अध्याय बुने गए. दिल कभी नहीं थका, दिमाग ने गति बनाए रखी और हर मोड़ पर आत्मा को झकझोर दिया.”

उन्होंने लिखा, “और, भावनाओं, पुरानी यादों और नई शुरुआत के उस खूबसूरत मंथन में कहीं न कहीं हमने इतिहास के कुछ ऐसे छोटे-छोटे अंश रचे हैं, जिन्हें पर्दा गिरने के बाद भी लंबे समय तक संजोकर रखा जाएगा. जब तक हमारी कहानियां फिर से एक-दूसरे से न मिल जाएं, क्योंकि हम हैं राही प्यार के, फिर मिलेंगे चलते-चलते.”

इससे पहले एकता कपूर ने social media पर एक भावुक पोस्ट के जरिए इस प्रतिष्ठित शो को याद किया. उन्होंने कहा कि वह आज जो कुछ भी हैं, उसे बनाने में ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

उन्होंने लिखा, “आज शो का आखिरी एपिसोड. कुछ विदाई मुश्किल होती हैं, लेकिन इस शो के लिए मेरे दिल में हमेशा प्यार रहेगा. इसने मुझे वो बनाया है जो मैं आज हूं. उस शो को अलविदा कहने का समय आ गया है, जिसे हमने 167 एपिसोड के लिए करने का सोचा था, लेकिन 450 एपिसोड तक किया. शो के लिए हमेशा प्यार. फिर मिलेंगे.”

‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ का प्रीमियर 29 जुलाई 2025 को स्टारप्लस पर हुआ. इसे लोगों ने काफी पसंद भी किया. यह प्रतिष्ठित शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ का सीक्वल और रीबूट है, जिसमें स्मृति और अमर उपाध्याय की प्रतिष्ठित जोड़ी तुलसी और मिहिर के रूप में लौटी.

–

एबीएम/