स्पेसएक्स का लक्ष्य जीवन को पृथ्वी से आगे कई ग्रहों तक पहुंचाना है; जो शेयर मैं गिफ्ट कर रहा हूं, उन्हें संभाल कर रखें: एलन मस्क

New Delhi, 26 नवंबर . एलन मस्क ने Thursday को घोषणा की कि अमेरिका के प्रत्येक बच्चे को स्पेसएक्स के दो शेयर दिए जाएंगे. इनमें से एक शेयर कंपनी की ओर से और दूसरा स्वयं मस्क की ओर से उपहार के रूप में दिया जाएगा.

social media प्लेटफॉर्म एक्स पर की गई घोषणा में मस्क ने कहा कि स्पेसएक्स की ओर से दिया जाने वाला शेयर अगले महीने ट्रांसफर किया जाएगा. वहीं उनका व्यक्तिगत शेयर जून 2027 में लॉक-इन अवधि समाप्त होने के बाद संबंधित लाभार्थियों को हस्तांतरित किया जाएगा.

मस्क ने कहा कि यदि स्पेसएक्स जीवन को पृथ्वी से आगे कई ग्रहों तक पहुंचाने और सूर्य की ऊर्जा के एक छोटे हिस्से का भी दोहन करने में सफल होता है, तो कंपनी का मूल्य वर्तमान वैश्विक अर्थव्यवस्था के आकार से लगभग दस लाख गुना तक पहुंच सकता है.

उन्होंने कहा, “ये लक्ष्य निश्चित रूप से बेहद कठिन हैं, लेकिन इन्हें हासिल करने का एक रास्ता मौजूद है. मेरी सलाह है कि इन शेयरों को लंबे समय तक अपने पास रखें.”

गौरतलब है कि अक्टूबर में भी मस्क ने घोषणा की थी कि वह अमेरिका के हर बच्चे को स्पेसएक्स का एक शेयर उपहार में देंगे. उस समय उन्होंने कहा था कि यह कई ऐसी पहलों की शुरुआत होगी.

यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब मस्क अभी भी स्पेसएक्स के सबसे बड़े शेयरधारक बने हुए हैं. हाल ही में एक नियामकीय फाइलिंग के अनुसार, 30 जून तक कंपनी में उनकी हिस्सेदारी 48.4 प्रतिशत थी.

दस्तावेजों के मुताबिक, मस्क के पास स्पेसएक्स के लगभग 6.42 अरब शेयर हैं. इनमें 849.5 मिलियन क्लास-ए शेयर, ट्रस्ट के माध्यम से रखे गए 3.92 अरब क्लास-बी शेयर, लगभग 1.30 अरब प्रतिबंधित क्लास-बी शेयर और अतिरिक्त 350 मिलियन क्लास-बी शेयरों से जुड़े स्टॉक विकल्प शामिल हैं.

इस बीच, कंपनी ने हाल ही में मजबूत तिमाही नतीजों की भी जानकारी दी. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कारोबार और डेटा सेंटर सेवाओं की बढ़ती मांग के कारण तीसरी तिमाही में कंपनी का राजस्व सालाना आधार पर 161 प्रतिशत बढ़कर 14.58 अरब डॉलर पहुंच गया.

कंपनी की एआई इकाई, जिसे अब सुपर इंटेलिजेंस नाम दिया गया है, ने तिमाही के दौरान 7.56 अरब डॉलर का राजस्व अर्जित किया, जो एक वर्ष पहले की तुलना में लगभग 10 गुना अधिक है.

यह इकाई एआई डेवलपर्स को कंप्यूटिंग क्षमता और डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने वाली प्रमुख सेवा प्रदाता बनकर उभरी है. इसके ग्राहकों में एंथ्रोपिक, अल्फाबेट की गूगल इकाई और रिफ्लेक्शन एआई जैसी कंपनियां शामिल हैं.

कंपनी का पूंजीगत व्यय भी तेजी से बढ़ा है. तीसरी तिमाही में यह बढ़कर 19.6 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग तीन गुना अधिक है. कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी ब्रेट जॉनसन ने कहा कि चौथी तिमाही में पूंजीगत व्यय 35 अरब डॉलर से 40 अरब डॉलर के बीच रह सकता है.

–

डीबीपी