सोनिया गांधी ने शेयर किया कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से पहली मुलाकात का दिलचस्प किस्सा

New Delhi, 24 अक्टूबर . कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य सोनिया गांधी ने social media प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो जारी किया है. यह वीडियो आगामी किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ को लेकर है. इस किताब के रिलीज से पहले सोनिया गांधी ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक बेहद खूबसूरत किस्सा साझा किया है.

सोनिया गांधी ने अपनी पहली ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “कैम्ब्रिज के एक छोटे से ग्रीक रेस्टोरेंट में मेरे प्यार का सफर शुरू हुआ था. राजीव और मैंने प्यार, हंसी और यादों से भरी एक दुनिया बनाई. 10 नवंबर को मैं वह दुनिया आप सभी के साथ साझा करूंगी.”

वीडियो में सोनिया गांधी अपनी और पूर्व Prime Minister राजीव गांधी की पहली मुलाकात को याद कर रही हैं. उन्होंने बताया कि कैसे इंग्लैंड में पढ़ाई के दौरान उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी.

सोनिया ने बताया कि वह इंग्लैंड में इटैलियन खाने की तलाश कर रही थीं और इसी तलाश में उन्हें एक ग्रीक रेस्टोरेंट मिला. यह रेस्टोरेंट यूरोपियन और भारतीय छात्रों के बीच काफी लोकप्रिय था और कई छात्र वहां खाने के लिए जाते थे.

अपनी पुरानी बातों को याद करते हुए सोनिया गांधी ने कहा, “और फिर हमें यह जगह मिली. यह एक ग्रीक रेस्टोरेंट था जहां कई छात्र, खासकर यूरोपीय छात्र, लेकिन भारतीय छात्र भी अपने भोजन के लिए जाते थे और तब वहीं उस रेस्टोरेंट में मैं राजीव से मिली.”

उन्होंने कहा कि जब वह पहली बार राजीव गांधी से मिलीं तो उन्हें तुरंत ही लगा कि वह किसी ऐसे व्यक्ति से मिली हैं जिसके साथ वह अपना जीवन बिताना चाहेंगी. सोनिया ने कहा कि बाद में उन्हें पता चला कि राजीव के मन में भी यही भावना थी.

सोनिया गांधी ने बताया कि उनकी मुलाकात एक कॉमन दोस्त ने करवाई थी. इसके बाद दोनों दोस्त बने और साथ में पार्टियों में जाने लगे, नई जगहों पर घूमने लगे. उन्होंने एक वैलेंटाइन पार्टी का भी जिक्र किया, जहां बहुत सारे छात्र आए हुए थे.

राजीव गांधी के बारे में अपनी पहली राय बताते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि उनका सौम्य स्वभाव उन्हें बहुत पसंद आया था. उन्होंने कहा, “वह बहुत ही सौम्य दिखने वाले व्यक्ति थे. बेशक वह बहुत सुंदर थे लेकिन उनकी वह सौम्यता सामने आती थी तो यह कुछ ऐसा था जिसने मुझे वास्तव में प्रभावित किया तो यह बेशक मैं कभी नहीं भूलूंगी जब मैं पहली बार उनसे मिली थी.”

इससे पहले 22 अक्टूबर को सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम पर अपना डेब्यू किया था. उन्होंने अपनी आने वाली किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ का पहला लुक शेयर किया था. यह किताब 10 नवंबर को रिलीज होने वाली है.

इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करते हुए सोनिया गांधी ने कैप्शन में लिखा था, “हेलो एवरीवन, मैं आप सभी के साथ यह पल साझा करते हुए वास्तव में आभारी हूं, ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक. यह प्यार, कर्तव्य, नुकसान और अपनेपन की जगह खोजने की कहानी है. मैं इसे आप सभी के साथ साझा करने के लिए उत्सुक हूं.”

सोनिया गांधी द्वारा शेयर किए गए उस वीडियो में दिख रहा था कि जब प्रकाशक किताब की हार्डबाउंड कॉपियां लेकर पहुंचे तो सोनिया गांधी ने कहा, “आप बहुत भारी वजन उठा रही हैं.”

किताब के पन्नों को पलटते हुए सोनिया गांधी ने कहा था, “बहुत सारी तस्वीरें हैं, प्रियंका.” इसके बाद उन्होंने किताब अपनी बेटी को दिखाई. वीडियो के एक अन्य फ्रेम में प्रियंका गांधी अपनी मां को मिठाई खिलाती हुई नजर आईं और दोनों गले मिलते हुए दिखाई दीं.

–