सोनिया गांधी ने किताब में मेनका गांधी संग रिश्तों में आई खटास का किया जिक्र, देवरानी के घर छोड़ने की घटना बताई

New Delhi, 10 नवंबर . कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में अपनी देवरानी मेनका गांधी के गांधी परिवार में आने और बाद में रिश्तों में आई खटास का विस्तार से जिक्र किया है. सोनिया गांधी के लिए शुरुआत में मेनका गांधी का घर में आना सुखद और ताजगी भरा अनुभव था, हालांकि बाद में गांधी परिवार के साथ मेनका गांधी के संबंध बिगड़ गए और तब तक संजय गांधी की विधवा मेनका ने परिवार का घर छोड़ दिया था.

सोनिया गांधी ने लिखा कि 1973 के आखिर में मेनका गांधी का परिचय संजय गांधी से कराया गया था. उन्होंने मेनका को एक खूबसूरत, चंचल और ऊर्जावान युवती बताया, जो संजय गांधी से करीब 10 साल छोटी थीं और उस समय नाबालिग थीं.

उन्होंने लिखा कि एक साल के भीतर दोनों की शादी हो गई और 18 साल की उम्र में मेनका गांधी, गांधी परिवार का हिस्सा बन गईं.

सोनिया गांधी के अनुसार मेनका हंसमुख, मिलनसार और बातचीत करने वाली युवती थी. उन्होंने लिखा, “शुरुआत में देवरानी का साथ अच्छा लगता था. अक्सर मेनका की हंसी घर में गूंजती थी और उनकी बेटी प्रियंका गांधी भी अपनी चाची के कमरे में बैठकर उसकी कहानियां बड़े ध्यान से सुना करती थी. सोनिया गांधी के मुताबिक धीरे-धीरे घर का माहौल बदलने लगा और छोटी-छोटी बातों पर तनाव पैदा होने लगा.

सोनिया गांधी ने लिखा कि घर के कर्मचारियों द्वारा उन्हें बहूरानी और मेनका गांधी को छोटी बहू कहकर बुलाया जाता था, जबकि इंदिरा गांधी दोनों को घर की बेटियों की तरह मानती थीं, लेकिन मेनका शायद इसे अलग नजरिए से देखती थीं.

सोनिया गांधी ने कहा कि जब मेनका उनसे रूखे तरीके से बात करती थीं तो वह अक्सर घर की शांति बनाए रखने के लिए चुप रहती थीं, लेकिन कई बार उन्हें जवाब भी देना पड़ता था. समय के साथ संजय गांधी और मेनका गांधी के बीच मतभेद बढ़ने लगे और उनके झगड़े घर के अन्य लोगों तक भी पहुंचने लगे.

सोनिया गांधी के अनुसार, मेनका कई बार गुस्से में ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करती थीं, जो परिवार में स्वीकार्य नहीं थे. इससे परिवार के लोग असहज महसूस करते थे.

उन्होंने यह भी लिखा कि संयुक्त परिवार का अनुशासित माहौल मेनका को शायद नीरस लगता था. बाद में वह संजय गांधी के साथ Political कार्यक्रमों में जाने लगीं, जिसके बाद उन्होंने खुद को ज्यादा सहज महसूस किया.

सोनिया गांधी ने दावा किया कि धीरे-धीरे मेनका का प्रभाव संजय गांधी और उनके बड़े भाई राजीव गांधी के रिश्तों पर भी पड़ने लगा. जो दोनों भाई कभी बेहद करीब थे, उनके बीच दूरियां बढ़ने लगीं.

आपातकाल खत्म होने के बाद हुए चुनावों में मिली हार का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी ने लिखा कि संजय गांधी की भूमिका को लेकर परिवार के भीतर भी चर्चाएं होती थीं.

उन्होंने एक पारिवारिक चर्चा का जिक्र करते हुए लिखा कि राजीव गांधी ने संजय गांधी से कहा था, “मैं तुम्हें माफ नहीं कर सकता, तुमने मां को इस स्थिति में पहुंचा दिया. उस समय इंदिरा गांधी ने भी राजीव की बात का समर्थन किया था और कहा था कि संजय कई बार उनकी जानकारी के बिना फैसले लेते थे.

सोनिया गांधी ने दावा किया कि इस दौरान मेनका गांधी और परिवार के बीच दूरियां और बढ़ गईं. मेनका परिवार के प्रति ज्यादा विरोधी रुख अपनाने लगीं और पत्रकारों के माध्यम से परिवार के बारे में कई बातें फैलाने लगीं.

सोनिया गांधी ने लिखा कि संजय गांधी की 23 जून 1980 को विमान दुर्घटना में मृत्यु के बाद हालात और ज्यादा खराब हो गए.

उनके अनुसार, संजय गांधी के समर्थक चाहते थे कि उनकी पत्नी मेनका गांधी को राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका मिले, लेकिन इंदिरा गांधी का मानना था कि 23 साल की उम्र में वह इसके लिए अभी बहुत युवा और अनुभवहीन थीं.

सोनिया गांधी ने दावा किया कि मार्च 1981 में हालात तब और बिगड़ गए, जब मेनका गांधी ने अपने बेटे के पहले जन्मदिन का आयोजन वसुंधरा राजे के घर किया, जिन्हें उस समय इंदिरा गांधी का Political विरोधी माना जाता था.

उन्होंने लिखा कि बाद में मेनका गांधी ने इंदिरा गांधी की गैरमौजूदगी में अपना सामान घर से बाहर ले जाना शुरू कर दिया. लंदन से लौटने के बाद इंदिरा गांधी ने नाराजगी जताई और मेनका गांधी से कहा कि या तो वह कुछ गतिविधियों से दूरी बनाएं या फिर कहीं और रहने का फैसला करें.

सोनिया गांधी का दावा है कि इसके बाद मेनका गांधी ने आरोपों से भरा एक पत्र भेजा और घर छोड़ने का फैसला कर लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम को सार्वजनिक विवाद का रूप दिया गया.

उन्होंने लिखा कि उस समय वह और राजीव गांधी घर पर मौजूद नहीं थे, लेकिन इसके बावजूद इस विवाद का दोष उन पर भी डाला गया.

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा कि बाद में पूरे मामले को जिस तरह पेश किया गया, वह आज की भाषा में किसी “रियलिटी शो” जैसा बन गया था.

उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले वर्षों में फिरोज वरुण गांधी से मिलने के अधिकार को लेकर गांधी परिवार और मेनका गांधी के बीच कानूनी विवाद भी हुआ, जिसके बाद मेनका गांधी ने मुलाकात की अनुमति नहीं दी.

–

एएमटी/