सैफ चैंपियनशिप: विष्णु-चिंगलेनसाना ने दागे गोल, भूटान को 2-1 से मात देकर फाइनल में भारत

ढाका, 14 नवंबर . सैफ चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में India ने भूटान को 2-1 से मात देकर खिताबी मुकाबले में जगह बना ली है, जहां उसका सामना Pakistan और बांग्लादेश के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा. India के लिए पीवी विष्णु और चिंगलेनसाना सिंह ने एक-एक गोल दागे, जबकि भूटान की तरफ से किन्जांग ताशी टोबडेन ने एकमात्र गोल किया.

नौशाद मूसा की ‘ब्लू टाइगर्स’ (भारतीय टीम) ने शुरुआत में ही बढ़त बना ली, जब खैमिन्थांग लुंगदिम के पास पर विष्णु ने नौवें मिनट में गोल किया. India ने अपना शानदार खेल जारी रखा और आधे घंटे के खेल के आसपास बढ़त को दोगुना कर दिया. भूटान एक कॉर्नर किक को क्लियर करने में नाकाम रहा, जिसका फायदा उठाते हुए चिंगलेनसाना ने गोल कर दिया.

हाफ-टाइम तक India 2-0 से शानदार बढ़त हासिल कर चुका था, लेकिन दूसरे हाफ में भूटान ने दबाव बढ़ाया और अपना पहला गोल करने की कोशिश की. उन्हें 48वें मिनट में सफलता मिली; टोबडेन ने चेनचो ग्यालत्सेन की गेंद पर हेडर से गोल किया. हालांकि, शुरुआत में इसे ऑफसाइड दिया गया था, लेकिन बाद में वीएआर रिव्यू के बाद गोल को मान्यता दे दी गई.

बॉक्स के अंदर नीमा वांगडी के हाथ से गेंद लगने पर India को पेनाल्टी मिल सकती थी, लेकिन फैसले को पलट दिया गया. मैच के अंतिम क्षणों में सुहेल भट का शॉट क्रॉसबार से टकरा गया. भूटान की तरफ से अंत में की गई कोशिशों के बावजूद, India ने 2-1 से जीत दर्ज की.

सैफ चैंपियनशिप में India ने सर्वाधिक नौ बार खिताब जीते हैं. वे इस दक्षिण एशियाई टूर्नामेंट के मौजूदा चैंपियन हैं (लगातार दो बार जीते हैं) और 2005 के बाद से हर संस्करण में फाइनल तक पहुंचे हैं. वहीं, Pakistan कभी भी इस टूर्नामेंट के फाइनल में नहीं पहुंच पाया है; उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन तीसरे स्थान पर रहना रहा है. दूसरी ओर, बांग्लादेश ने साल 2003 में यह खिताब अपने नाम किया था, जिसके बाद यह टीम साल 2005 की उप-विजेता रही.

–

आरएसजी