सीपीएल 2026: गुरबाज का अर्धशतक, अमेजन वॉरियर्स ने जमैका किंग्समेन को 8 विकेट से हराया

गुयाना, 5 सितंबर . कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) 2026 का 26वां मैच प्रोविडेंस क्रिकेट स्टेडियम में जमैका किंग्समेन और गुयाना अमेजन वॉरियर्स के बीच खेला गया. गुयाना अमेजन वॉरियर्स ने 8 विकेट से जीत हासिल की.

गुयाना अमेजन वॉरियर्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए जमैका किंग्समेन ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 159 रन बनाए थे. सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए हसन खान ने मात्र 29 गेंदों पर 6 छ्क्के और 2 चौकों की मदद से नाबाद 62 रन की पारी खेली. इसके अलावा माज सदाकत ने 34 गेंदों पर 35 रन बनाए. केसी कार्टी ने 18, किमो पॉल ने 15, ओडियन स्मिथ ने 13 और उस्मान खान ने 10 रन बनाए.

अमेजन वॉरियर्स के लिए ड्वेन प्रिटोरियस और खेरी पियरे ने 2-2 विकेट लिए. मोहम्मद नबी को एक विकेट मिला.

160 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी गुयाना अमेजन वॉरियर्स को सलामी बल्लेबाजों रहमानुल्लाह गुरबाज और मावेंद्र दिनदयाल ने पहले विकेट के लिए 4.3 ओवर में 46 रन जोड़कर मजबूत शुरुआत दी. दिनदयाल 17 गेंदों पर 4 छक्के और 1 चौके की मदद से 33 रन बनाकर आउट हुए. गुरबाज ने अर्धशतक लगाया. वह 35 गेंदों पर 3 छक्के और 5 चौके की मदद से 54 रन बनाकर आउट हुए. गुरबाज दूसरे विकेट के रूप में 12.2 ओवर में 114 के स्कोर पर आउट हुए. इसके बाद अमेजन ने विकेट नहीं गंवाया. कप्तान शाई होन ने 35 गेंदों पर नाबाद 39 और शिमरोन हिटमायर ने 17 गेंदों पर नाबाद 30 रन बनाकर और 30 गेंदों पर नाबाद 46 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 8 विकेट से जीत दिला दी. अमेजन वॉरियर्स ने 17.2 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 160 का विजयी लक्ष्य हासिल कर लिया.

माज सदाकत और हुनैन शाह को 1-1 विकेट मिला.

गुयाना अमेजन वॉरियर्स ने सीजन के पांचवें मैच में पांचवी जीत हासिल की. टीम 10 अंक के साथ दूसरे स्थान पर चली गई है. जमैका की सीजन के नौवें मैच में पांचवीं हार थी. टीम तीसरे नंबर पर है.

पीएके