
चंडीगढ़, 10 नवंबर . सरकारी नौकरी की तैयारी करने के साथ-साथ रिक्तियों के जारी होने का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए एक खास मौका सामने आया है. दरअसल, छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन बोर्ड (सीजीएसएसबी), रायपुर ने स्टेनोग्राफर सहित विभिन्न पदों पर 1,703 रिक्तियों की घोषणा अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक अधिसूचना जारी करके की है.
सीजीएसएसबी की ओर से जारी कुल 1,703 रिक्तियों में स्टेनोग्राफर (हिंदी) के 30, स्टेनोग्राफर (अंग्रेजी) के 3, स्टेनोग्राफर (द्विभाषी) के 13, सब इंस्पेक्टर – ए (स्टेनोग्राफर) (सामान्य शाखा) (हिंदी) के 34, डेटा एंट्री ऑपरेटर के 25, स्टेनो टाइपिस्ट के 23, सहायक ग्रेड-3 के 1,206, पंजीकरण क्लर्क के 50, सहायक सब इंस्पेक्टर – ए (सामान्य शाखा) के 40 और सहायक सब इंस्पेक्टर – ए (जिला-इकाई कैडर) के 279 पद शामिल हैं.
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 5 नवंबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 27 नवंबर की शाम 5 बजे तक तय की गई है. एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार सीजीएसएसबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. वहीं, जिन अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र भरते समय कुछ गलती हो जाएगी, उनके लिए फॉर्म में त्रुटि सुधारने की विंडो 28 नवंबर से 30 नवंबर की शाम 5 बजे तक सक्रिय रहेगी.
नोटिफिकेशन में पद-वार योग्यता की जानकारी नहीं दी गई है. हालांकि, यह परीक्षा ग्रुप-2, क्लास III (स्नातकोत्तर और स्नातक स्तर) के सब-ग्रुप-02 पदों के लिए है.
सीजीएसएसबी की ओर से इन पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच-पड़ताल, लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन, आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी सीजीएसएसबी के वेतनमान नियमों के अनुसार होगी.
लिखित परीक्षा 10 जनवरी 2027 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक आयोजित की जाएगी. वहीं, आधिकारिक वेबसाइट पर प्रवेश पत्र जारी किए जाने की संभावित तारीख 4 जनवरी 2027 तय की गई है.
–
डीके/एबीएम
Skip to content