
रेडवुड सिटी, 22 अक्टूबर . महिलाओं की वर्ल्ड नंबर 15 अनाहत सिंह ने रेडवुड सिटी (यूएस) में सिलिकॉन वैली ओपन स्क्वैश के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए मिस्र की आठ बार की वर्ल्ड चैंपियन नूर एलशेरबिनी को सीधे गेमों में हराया.
अपने करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए, 18 साल की अनाहत ने यूएसडी 143,500 पीएसए गोल्ड इवेंट के दूसरे राउंड में टॉप सीड और वर्ल्ड नंबर 3 एलशेरबिनी को 30 मिनट में 11-8, 11-8, 11-7 से हराया.
जीत के बाद अनाहत ने कहा, “मैं उनका हर एक मैच देखकर बड़ी हुई हूं. मैं वो सब हासिल करना चाहती हूं, जो उन्होंने अपने करियर में किया है. वे सभी स्क्वैश प्लेयर्स के लिए प्रेरणा हैं. उनके साथ कोर्ट साझा करने का मौका मुझे पहली बार मिला. मुझे उम्मीद नहीं थी कि यह इस तरह होगा. मुझे लगा कि मुझे सेटल होने और उनके साथ खेल को समझने में थोड़ा समय लगेगा. लेकिन, मेरा गेम प्लान अच्छा काम कर गया.”
अनाहत का अगला मुकाबला मिस्र की वर्ल्ड नंबर 14 सलमा हनी से होगा.
पिछले महीने एशियन गेम्स 2026 में, अनाहत ने कॉन्टिनेंटल मीट में स्क्वैश सिंगल्स फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनकर एक और इतिहास रच दिया. हालांकि, फाइनल में उन्हें मलेशिया की सिवासंगरी सुब्रमण्यम से हार के बाद सिल्वर से संतोष करना पड़ा था.
अनाहत ने हांग्जो में हुए एशियन गेम्स 2023 में महिला टीम और मिक्स्ड डबल्स इवेंट में दो ब्रॉन्ज मेडल जीते थे. इस साल की शुरुआत में, वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप 2026 में, अनाहत ने लड़कियों का एकल खिताब जीता और यह खिताब जीतने वाली पहली भारतीय बनीं, जिससे इस इवेंट में मिस्र का 15 साल का राज खत्म हो गया.
अनाहत स्क्वैश में एक वैश्विक स्टार के रूप में तेजी से उभर रही हैं. भविष्य में देश को उनसे काफी उम्मीद है.
–
पीएके
Skip to content