समुद्र में सागर कवच अभ्यास में 4,800 से अधिक कर्मियों ने दिखाई ताकत

New Delhi, 2 अक्टूबर . भारतीय तटरक्षक बल ने एक ओर देश की समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बड़ा समुद्री अभ्यास किया है. वहीं दूसरी ओर समुद्र के रास्ते होने वाली अवैध गतिविधियों पर भी बड़ी कार्रवाई की है.तटरक्षक बल के इस अभियान को ‘सागर कवच’ अभ्यास नाम दिया गया. इस अभियान में हजारों कर्मियों की भागीदारी रही.

भारतीय तटरक्षक बल के मुताबिक, उन्होंने Maharashtra और गोवा के तट पर यह संयुक्त तटीय सुरक्षा अभ्यास ‘सागर कवच’ सफलतापूर्वक आयोजित किया. यह अभ्यास दो दिन चला और अभ्यास में 4,800 से अधिक सुरक्षा और संबंधित एजेंसियों के कर्मियों, समुद्री जहाजों और विमानों ने हिस्सा लिया.

तटरक्षक बल के इस पूरे अभ्यास का उद्देश्य देश की बहुस्तरीय तटीय सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को परखना था. इसके तहत समुद्र के रास्ते संदिग्ध घुसपैठ जैसी परिस्थितियां बनाई गईं. विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने मिलकर इन परिस्थितियों से निपटने के लिए संयुक्त रणनीतिक अभ्यास किया. वरिष्ठ अधिकारियों की भी यहां मौजूदगी रही और उन्होंने दो दिवसीय अभ्यास की समीक्षा की. अधिकारियों ने राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड और भारतीय तटरक्षक बल की त्वरित प्रतिक्रिया टीम का संयुक्त अभियान भी देखा. इसके बाद समुद्री निगरानी अभियान का प्रदर्शन किया गया. इसमें विभिन्न एजेंसियों के बीच तेज समन्वय और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल प्रतिक्रिया की क्षमता दिखाई गई.

इसके साथ ही समुद्र में अवैध गतिविधियों पर भी बड़ी कार्रवाई की गई है. रामेश्वरम के पास उचिपुली समुद्र तट पर संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद भारतीय तटरक्षक पोत सी-435 ने तत्काल जांच दल भेजा. दल ने तलाशी के दौरान छह बोरियां बरामद कीं. इनमें करीब 120 किलोग्राम अवैध समुद्री कुकुंबर पाए गए. यह कार्रवाई पंबन पुल के नजदीक समुद्री क्षेत्र में की गई. बरामद प्रतिबंधित सामग्री को आगे की जांच के लिए वन विभाग को सौंप दिया गया है.

मामले में वन विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है. दोनों अभियानों ने साफ किया कि समुद्र में केवल बड़े खतरों पर ही नहीं, बल्कि तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है. भारतीय तटरक्षक बल जहाजों, विमानों और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर देश की समुद्री सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर रहा है.

–

जीसीबी/एसके