सपा ने छह जिलों में नए जिलाध्यक्ष किए नामित, बांदा में उमेश यादव पर जताया भरोसा

Lucknow, 16 सितंबर . Samajwadi Party (सपा) ने 2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने के लिए बड़ा फेरबदल किया है. पार्टी ने पत्र जारी करके बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति से 6 जिलों में नए जिलाध्यक्ष नामित किए गए हैं.

जारी सूची के अनुसार बलिया से सुनील कुमार मौर्या पुत्र बृजराज मौर्या, ग्राम खोरौली, पोस्ट सहतवार को जिलाध्यक्ष बनाया गया है. बांदा से उमेश यादव, मोहल्ला बाबा तालाब, जिला बांदा को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है. अयोध्या से जय सिंह, ग्राम बहरायें, पोस्ट पिरखौली, बड़ा गांव, जिला अयोध्या को जिलाध्यक्ष नामित किया गया है.

पीलीभीत से धर्मेश गंगवार, ग्राम व पोस्ट बहादुरपुर हुक्मी, बरखेड़ा कलां, जिला पीलीभीत को जिलाध्यक्ष बनाया गया है. गौतमबुद्ध नगर से इन्द्र प्रधान उर्फ इन्द्रजीत भाटी, ग्राम पल्ला, पोस्ट दादरी को जिलाध्यक्ष बनाया गया है. वहीं, उन्नाव से जयचन्द्र विमल, 41/33 एबी नगर, जिला उन्नाव को जिलाध्यक्ष की कमान दी गई है.

आदेश पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के निजी सचिव गंगाराम के हस्ताक्षर हैं और इसकी प्रतिलिपि राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष, और संबंधित जनपदों के नामित एवं निवर्तमान जिलाध्यक्षों को भेजी गई है.

इस फेरबदल में सबसे ज्यादा चर्चा बांदा जिले की हो रही है. Samajwadi Party ने बांदा में उमेश यादव को नया जिलाध्यक्ष नियुक्त कर बड़ा दांव खेला है. पार्टी सूत्रों के अनुसार, उमेश यादव लंबे समय से पार्टी के निर्देशों और नीतियों के अनुरूप धरातल पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं. उनकी वर्षों की निष्ठा, समर्पण और सांगठनिक क्षमताओं पर भरोसा जताते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है.

बांदा बुंदेलखंड का अहम जिला है, जहां सपा अपना जनाधार बढ़ाने में जुटी है. अब उमेश यादव को पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और जिला कार्यकारिणी के पुनर्गठन की जिम्मेदारी मिली है.

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष की घोषणा के बाद से ही बांदा जिले के सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है. कार्यकर्ता उन्हें बधाइयां दे रहे हैं और social media पर भी उनके समर्थन में पोस्ट की जा रही है.

एससीएच/एबीएम