सपा-कांग्रेस गठबंधन से उन्हीं दोनों पार्टियों का नुकसान होगा, फायदा शिवसेना-भाजपा को होगा- अभिजीत अडसुल

Mumbai , 24 नवंबर . उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन की चर्चाओं पर शिवसेना के राष्ट्रीय सचिव कैप्टन अभिजीत अडसुल ने कहा कि इस गठबंधन से उन्हीं दोनों पार्टियों का नुकसान होगा और फायदा शिवसेना-भाजपा को होगा. उन्होंने कहा कि शिवसेना ने यूपी में 35 से 40 सीटें चिह्नित की हैं, जहां भाजपा के विधायक नहीं हैं और शिवसेना उन्हीं सीटों पर भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ना चाहती है.

अभिजीत अडसुल ने कहा, “पिछले कई चुनावों में हमने कांग्रेस की हालत खस्ता देखी है और उसी मुद्दे पर मुझे लगता है कि उन दोनों की चर्चा चल रही है. यह दोनों की अंदरूनी बात है, Samajwadi Party और कांग्रेस की. तो वे दोनों एक-दूसरे के साथ किस तरह से लड़ते हैं और फिर बाद में एक साथ आते हैं या फिर अलग लड़ते हैं, यह भी आने वाले वक्त में पता चलेगा.”

उन्होंने कहा कि जिस तरह से आपने बताया कि गठबंधन होने के आसार दिख रहे हैं, तो उस गठबंधन से उन्हीं दोनों पार्टियों का नुकसान होने वाला है और उसका फायदा शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश में जरूर होगा.

अभिजीत अडसुल ने कहा कि हर जिले की सूची हमारे पास तैयार है. शिवसेना ने 35 से 40 जगहों पर सीटें चिह्नित करके रखी हैं, जहां भारतीय जनता पार्टी के विधायक नहीं हैं. ऐसी जगहों पर हमने काम किया है और शिवसेना भी इसी गठबंधन में वही सीटें मांग रही है, जहां भारतीय जनता पार्टी के विधायक नहीं हैं. हम चाहते हैं कि हम गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी के साथ लड़ें.

उन्होंने कहा कि जैसे बाकी के पक्षों को उन्होंने एक छोटा-सा हिस्सा दिया है, उसी तरह से शिवसेना के लिए भी कुछ सीटें अगर वह अच्छी तरह से छोड़ती है तो बिल्कुल शिवसेना और भाजपा गठबंधन में अच्छा कर सकती हैं.

कैप्टन अडसुल ने कहा कि एकनाथ शिंदे, हमारे Union Minister, हमारे सांसद, हमारे विधायक उत्तर प्रदेश चुनाव में जरूर जाएंगे.

उन्होंने कहा कि आज अगर हम देखें तो बाकी सभी पार्टियों के विधायक हों या सांसद, वे भी अलग-अलग पार्टियों से चुनकर आए हुए हैं, जो Mumbai में रहते हैं या दिल्ली में रहते हैं या अन्य राज्यों में रहते हैं, लेकिन चुनाव उत्तर प्रदेश से लड़ते हैं. तो यह कोई नई बात नहीं है. उत्तर प्रदेश की जनता भी समझती है और बिल्कुल जो भी उम्मीदवार होंगे, वे सोच-समझकर दिए जाएंगे.

शिवसेना नेता ने कहा, “मैं दो दिन पहले प्रयागराज गया था. जिस तरह से वहां मेरा स्वागत किया गया, वह अद्भुत था. शिवसेना का नाम उत्तर प्रदेश के लिए नया नहीं है. शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे जब जीवित थे, तब से उत्तर प्रदेश के लोगों ने शिवसेना को बहुत ज्यादा प्यार दिया है. पहले भी उत्तर प्रदेश से शिवसेना के विधायक रहे हैं. पिछले चार साल से, जब से एकनाथ शिंदे ने शिवसेना की कमान संभाली है, तब से जनता की उनके बारे में राय बहुत अच्छी है. उन्हें चाहने वाले लोग वहां बहुत हैं.

शिवसेना के राष्ट्रीय सचिव कैप्टन अभिजीत अडसुल ने कहा कि आज Mumbai और Maharashtra में बहुत बड़ा उत्तर भारतीय समाज रहता है और वह करीब से शिंदे का काम देखता है, उनकी सराहना करता है. उसका ही एक प्रतिबिंब हमें वहां देखने को मिलता है. जब मैं वहां गया तो हजारों की तादाद में लोग मौजूद थे. सैकड़ों गाड़ियां मुझे रिसीव करने आई थीं और बहुत ही अच्छा कार्यक्रम वहां हुआ.

–