
Patna, 24 नवंबर . सड़क सुरक्षा एवं मोटर वाहन अधिनियम के अनुपालन को लेकर नवादा में सघन वाहन जांच अभियान जारी है, जिसके तहत 75 से अधिक वाहनों पर 5 लाख रुपए से अधिक का ई-चालान निर्गत किया गया है.
दरअसल, जिला पदाधिकारी, नवादा के निर्देश के आलोक में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण एवं यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिले में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी रंजीत कुमार के नेतृत्व में सदर अस्पताल, राष्ट्रीय राजमार्ग, धर्मशिला मोड़, प्रखंड कार्यालय एवं समाहरणालय सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं स्थलों पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया.
विशेष अभियान के दौरान मुख्य रूप से एम्बुलेंस, मोटरसाइकिल, टेम्पो एवं ई-रिक्शा सहित विभिन्न प्रकार के वाहनों की जांच की गई. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 75 से अधिक वाहनों के विरुद्ध 5 लाख रुपए से अधिक की शमन राशि के ई-चालान निर्गत किए गए. इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी रंजीत कुमार द्वारा स्वयं 38 वाहनों के विरुद्ध शमन की कार्रवाई करते हुए कुल 2 लाख 18 हजार रुपए का ई-चालान निर्गत किया गया.
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने तथा लंबित चालान की राशि जमा नहीं करने वाले वाहन स्वामियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है. आवश्यकतानुसार ऐसे वाहनों को जब्त कर संबंधित स्थानीय थाने को सुपुर्द किया जा रहा है. इसी क्रम में विगत दिनों कोलकाता से आ रही एक बस को लंबित चालान की राशि जमा करने में विलंब करने पर प्रवर्तन अवर निरीक्षक द्वारा जब्त कर नरहट थाने को सुपुर्द किया गया था.
उन्होंने सभी बस स्वामियों को सख्त निर्देश दिया कि वे वैध परमिट के साथ निर्धारित मार्गों पर ही बसों का परिचालन सुनिश्चित करें. इसके साथ ही जिन वाहनों पर यातायात चालान की राशि लंबित है, उनके स्वामी अविलंब बकाया राशि जमा करें, अन्यथा उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के सुसंगत प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी.
जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक एवं पीछे बैठे व्यक्ति, दोनों के लिए हेलमेट पहनना आवश्यक है. वहीं, चारपहिया वाहन चालकों एवं यात्रियों को सीट बेल्ट का उपयोग करना चाहिए. वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा ओवरलोडिंग से बचें. उन्होंने शहरी क्षेत्रों में यत्र-तत्र एवं नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा नहीं करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की.
उन्होंने बताया कि आगामी 12 दिसंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 90 दिनों से अधिक पुराने पात्र यातायात चालानों का निपटारा नियमानुसार कराया जा सकेगा. ऐसे मामलों में लागू प्रावधानों के अनुसार अधिकतम 50 प्रतिशत तक की छूट का लाभ मिल सकता है. उन्होंने लंबित यातायात चालान वाले वाहन स्वामियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की.
जिला परिवहन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए जिले में विशेष वाहन जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से सुरक्षित वाहन परिचालन, यातायात नियमों के पालन तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जिला प्रशासन को सहयोग प्रदान करने की अपील की.
–
डीके/डीकेपी
Skip to content