शादी के बाद अमेरिका में हाउसवाइफ बन गई थीं माधुरी दीक्षित, पति के लिए सुबह साढ़े पांच बजे उठकर बनाती थीं नाश्ता

Mumbai , 18 अक्टूबर . Bollywood की धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित ने अपनी एक्टिंग और डांस से लाखों लोगों का दिल जीता. हालांकि, शादी के बाद एक्ट्रेस ने अपनी जिंदगी में बड़ा बदलाव किया और पति डॉ. श्रीराम नेने के साथ अमेरिका शिफ्ट हो गईं.

उस दौरान माधुरी ने घर संभालने से लेकर पति के लिए सुबह जल्दी उठकर नाश्ता बनाने तक की जिम्मेदारी निभाई. एक्ट्रेस ने दिग्गज Actress सिमी ग्रेवाल के चैट शो में अपनी मैरिड लाइफ से जुड़ी कई बातें शेयर की थीं.

सिमी ग्रेवाल के साथ बातचीत में माधुरी ने बताया कि वह पति श्रीराम नेने के लिए सुबह साढ़े पांच बजे उठकर नाश्ता बनाती थीं. उस समय उनके पति कार्डियोवैस्कुलर सर्जरी करते थे और उन्हें अपने तय ऑपरेशन के लिए जल्दी अस्पताल निकलना पड़ता था. ऐसे में वह सुबह उठकर उनके लिए नाश्ता तैयार करती थीं और फिर कुछ देर आराम करने के लिए वापस सो जाती थीं.

अमेरिका में अपनी जिंदगी के बारे में बात करते हुए माधुरी ने कहा था, ”मेरे पति सर्जरी करते थे, तब मैं उनके लिए नाश्ता बनाती थी. मैं सुबह साढ़े पांच बजे उठती थी और उनके लिए नाश्ता तैयार करती थी. इसके बाद वह काम पर चले जाते थे और मैं कुछ देर के लिए वापस सो जाती थी. मैंने उस जिंदगी के हर पल को एंजॉय किया.”

माधुरी की बात करें तो उन्होंने 17 अक्टूबर 1999 को दक्षिणी कैलिफोर्निया में डॉ. श्रीराम नेने के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों से शादी की थी. शादी के बाद एक्ट्रेस पति के साथ अमेरिका में रहने लगीं. इस कपल ने साल 2003 में अपने पहले बेटे एरिन का स्वागत किया. इसके दो साल बाद 2005 में उनके घर दूसरे बेटे रायन का जन्म हुआ.

शादी के बाद माधुरी ने कुछ समय तक फिल्मों से दूरी बनाए रखी. हालांकि, साल 2007 में उन्होंने म्यूजिकल एंटरटेनर फिल्म ‘आजा नचले’ से Bollywood में वापसी की. इसके बाद एक्ट्रेस ने फिल्मों और टीवी की दुनिया में फिर से अपनी पहचान बनाई. हाल ही में वह ओटीटी पर रिलीज हुई फिल्म ‘मां बहन’ में नजर आईं.

सिमी ग्रेवाल के शो में माधुरी ने बताया कि आखिर डॉ. श्रीराम नेने की कौन-सी बात उन्हें पसंद आई थी. दिलचस्प बात यह है कि जब दोनों पहली बार मिले थे, तब श्रीराम नेने को माधुरी की स्टारडम के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी. उन्होंने माधुरी की कोई फिल्म तक नहीं देखी थी.

माधुरी ने बताया था, ”जब आप किसी पार्टनर से मिलते हैं, तो आपको कुछ समानताएं जरूर मिलती हैं. उन्हें मेरे बारे में जो बात पसंद आई, वह यह थी कि मैं किसी की मदद के लिए अपनी तरफ से हर संभव कोशिश करती हूं.”

–

पीके/एबीएम