
Mumbai , 19 नवंबर . राजनेता और लेखक शशि थरूर जल्द ही टीवी होस्ट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं. वह डिस्कवरी की आगामी डॉक्यूमेंट्री सीरीज इतिहास : रामायण बियॉन्ड बॉर्डर्स’ को होस्ट करते नजर आएंगे. यह चार एपिसोड की सीरीज होगी, जिसका प्रीमियर 7 दिसंबर को होगा.
मेकर्स ने सीरीज का प्रोमो भी जारी कर दिया है, जिसमें दर्शकों को इसकी एक झलक देखने को मिली है. इस सीरीज के जरिए रामायण की उस यात्रा को दिखाया जाएगा, जो सदियों में India से निकलकर एशिया के कई देशों तक पहुंची. इसमें भगवान राम, सीता, हनुमान और रावण जैसे प्रमुख किरदारों के जरिए महाकाव्य के अलग-अलग सांस्कृतिक रूपों को समझने की कोशिश की जाएगी.
अपने नए प्रोजेक्ट को लेकर शशि थरूर ने कहा, ”अपने धार्मिक महत्व के अलावा रामायण हमेशा से साहित्य के लिहाज से भी मेरी दिलचस्पी का विषय रही है. यह ऐसी कहानी है, जो सदियों और अलग-अलग संस्कृतियों से होकर गुजरी है. मैंने कई साल तक रामायण के अलग-अलग रूपों को पढ़ा और उनके बारे में जाना है. हर रूप उस समाज के बारे में कुछ नया बताता है, जहां उसे गढ़ा गया और लोगों ने उसे अपनाया.”
शशि थरूर ने कहा, ”जब डिस्कवरी ने मुझसे इस महाकाव्य की एशिया के अलग-अलग देशों तक की यात्रा पर आधारित सीरीज को होस्ट करने के लिए संपर्क किया, तो मेरे लिए यह फैसला आसान था. मेरा हमेशा से मानना रहा है कि रामायण की समृद्धि और अलग-अलग संस्कृतियों तक उसकी पहुंच को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जाना चाहिए. डिस्कवरी इतिहास और संस्कृति को बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचाने की खास क्षमता रखता है. मुझे खुशी है कि मैं इस सीरीज से जुड़ रहा हूं, जो रामायण की यात्रा को देशों की सीमाओं से आगे ले जाएगी.”
चार एपिसोड की इस डॉक्यूमेंट्री सीरीज में दिखाया जाएगा कि रामायण की कहानी कंबोडिया, श्रीलंका और थाईलैंड से होते हुए फिलीपींस, इंडोनेशिया और मलेशिया तक कैसे पहुंची. सीरीज में इन देशों में रामायण से जुड़ी मान्यताओं, कहानियों और सांस्कृतिक प्रभाव को सामने लाया जाएगा.
‘इतिहास: रामायण बियॉन्ड बॉर्डर्स’ का सह-निर्देशन सुजाता कुलश्रेष्ठ और अभिमन्यु तिवारी ने किया है. इसका निर्माण वाइड एंगल फिल्म्स ने किया है. शशि थरूर के होस्ट के तौर पर टीवी पर इस नए सफर को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता है.
यह सीरीज 7 दिसंबर 2026 को रात 9 बजे डिस्कवरी और डिस्कवरी प्लस पर प्रसारित होगी. इसके चारों एपिसोड हर हफ्ते एक-एक करके दिखाए जाएंगे. दर्शक इसे हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु, बंगाली, मलयालम और कन्नड़ समेत कई भाषाओं में देख सकेंगे.
–
पीके/
Skip to content