
New Delhi, 18 नवंबर . राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पंजाब के शंभू-राजपुरा रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में आरोपी सुरिंदर सिंह उर्फ ठिकरीवाल को गिरफ्तार किया है. खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स (केजेडएफ) के समर्थक सुरिंदर सिंह को अमेरिका से निर्वासित किए जाने के बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) से गिरफ्तार किया गया. अमेरिकी अधिकारियों ने India Government के साथ समन्वय के तहत उसे India भेजा था.
यह मामला 27 अप्रैल 2026 को डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (डीएफसीसीआईएल) की रेलवे लाइन पर शंभू और राजपुरा रेलवे स्टेशनों के बीच किलोमीटर संख्या 1174-5 पर हुए विस्फोट से जुड़ा है. एनआईए के मुताबिक, यह विस्फोट केजेडएफ की आतंकी गतिविधियों को आगे बढ़ाने, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और पंजाब में कानून-व्यवस्था को अस्थिर करने के उद्देश्य से किया गया था.
जांच के दौरान सामने आया कि रेलवे ट्रैक विस्फोट की घटना के बाद सुरिंदर सिंह उर्फ ठिकरीवाल ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था. एनआईए के अनुसार, इस वीडियो में उसने विस्फोट की घटना का समर्थन और महिमामंडन किया था. साथ ही, उसने इस आपराधिक साजिश में शामिल आरोपियों, जिनमें विस्फोट को अंजाम देते समय मारे गए जग्रूप सिंह भी शामिल थे, का समर्थन किया था.
एजेंसी के मुताबिक, आरोपी ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स को ‘कौमी संगठन’ बताया था. इसके अलावा, उसने नामित व्यक्तिगत आतंकवादी (डीआईटी) रंजीत सिंह उर्फ नीटा को ‘कौम का जनरल’ कहकर संबोधित किया था. एनआईए ने जांच के दौरान सुरिंदर सिंह के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया था. पंजाब के अलग-अलग जिलों में उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं.
इस गिरफ्तारी के साथ ही शंभू-राजपुरा रेलवे ट्रैक विस्फोट मामले में एनआईए अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. एजेंसी ने बताया कि मामले की व्यापक साजिश की जांच जारी है. जांच का उद्देश्य विदेश में बैठे आतंकियों और उनके सहयोगियों के बीच बढ़ते गठजोड़ को खत्म करना तथा उनके वित्तपोषण और बुनियादी ढांचे को ध्वस्त करना है.
–
डीएससी
Skip to content