शंकर महादेवन से मिले डब्बू मलिक; पुरानी यादें हुईं ताजा, बोले- लाइफ एक फुल सर्कल की तरह है

Mumbai , 5 नवंबर . म्यूजिक कंपोजर और सिंगर डब्बू मलिक ने हाल ही में दिग्गज गायक शंकर महादेवन के साथ मुलाकात की. उन्होंने बताया कि कभी शंकर महादेवन ने उनके पहले टीवी शो में गाया था और आज वक्त ऐसा आया है कि उनका बेटा अरमान मलिक उन्हीं के साथ एक ही मंच पर परफॉर्म कर रहा है.

डब्बू मलिक ने इंस्टाग्राम पर शंकर महादेवन के साथ तस्वीर पोस्ट की, जिसमें अपनी म्यूजिकल जर्नी का ‘फुल सर्कल’ मोमेंट बताया.

डब्बू मलिक ने लिखा, “लाइफ एक फुल सर्कल की तरह है. सोनी पर मेरा पहला टेलीविजन शो ‘हार्मनी’ था, जिसे मैंने ही म्यूजिक डायरेक्ट और कॉन्सेप्ट किया था. उस दिन शंकर महादेवन मेरे सबसे अहम सिंगर थे और यह उनका पहला टीवी परफॉर्मेंस था और बाकी सब इतिहास है. उन्होंने मेरे लिए रफी साहब, लता जी और कई दिग्गजों के गाने गाए थे. वो पल मेरी यादों में बसे हुए हैं और अब जब मेरा बेटा अरमान मलिक ने उनके साथ स्टेज पर एक जॉइंट कॉन्सर्ट में परफॉर्म किया, तो सारी यादें फिर से ताजा हो गईं. हमने ढ़ेर सारी बातें कीं, अपनी जिंदगी का सफर शेयर किया और बात करके बहुत मजा आया.”

बता दें कि डब्बू मलिक जाने-माने कंपोजर सरदार मलिक के बेटे और म्यूजिक कंपोजर अनु मलिक के भाई हैं. उन्होंने कंपोजर, सिंगर और एक्टर के तौर पर काम किया है. उनके म्यूजिक क्रेडिट्स में ‘मैंने दिल तुझको दिया’, ‘तुमको ना भूल पाएंगे’, ‘हम तुम्हारे हैं सनम’ और ‘आई प्राउड टू बी एन इंडियन’ जैसी फिल्में शामिल हैं.

वह सिंगर्स और कंपोजर्स अरमान मलिक और अमाल मलिक के पिता भी हैं. अरमान मलिक एक सिंगर, सॉन्गराइटर और परफॉर्मर हैं, जिन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक चाइल्ड वोकलिस्ट के तौर पर की थी और आगे चलकर इंडिया के जाने-माने प्लेबैक सिंगर्स में से एक बन गए. उन्होंने हिंदी फिल्मों के साथ-साथ कई इंडियन और इंटरनेशनल भाषाओं के म्यूजिक में भी अपनी आवाज दी है.

–

एनएस/पीएम