वेस्टइंडीज ने पहले टेस्ट में कसा शिकंजा, दूसरी पारी में बांग्लादेश ने महज 79 रनों पर गंवाए 6 विकेट

ढाका, 30 अक्टूबर . बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच पहला टेस्ट मैच ढाका में स्थित शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है. तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने दूसरी पारी में 6 विकेट खोकर 79 रन बनाए हैं. गेंदबाजों के दम पर वेस्टइंडीज ने इस मुकाबले में शिकंजा कस लिया है.

Friday को वेस्टइंडीज की पूरी टीम पहली पारी में 245 रन बनाकर ऑलआउट हुई. पहली पारी के आधार पर बांग्लादेश ने 27 रनों की मामूली बढ़त हासिल की. कैरेबियाई टीम की तरफ से जॉन कैंपबेल और टैगेनारिन चंद्रपॉल ने अर्धशतकीय पारी खेली. कैंपबेल ने 54 रन बनाए, जबकि चंद्रपॉल ने 56 रनों का योगदान दिया.

जस्टिन ग्रीव्स ने ने 46 रन बनाए तो कप्तान रोस्टन चेज 43 रन बनाकर नाबाद रहे. बांग्लादेश की तरफ से गेंदबाजी में नईम हसन ने 33 रन देकर 4 विकेट चटकाए. वहीं, मेहदी हसन मिराज और तैजुल इस्लाम ने दो-दो विकेट निकाले. हसन महमूद और शोरिफुल इस्लाम ने एक-एक विकेट झटका. बांग्लादेश ने पहली पारी में शादमान की शतकीय पारी के बूते 272 रन बनाए.

दूसरी पारी में बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही. तंजीद हसन तमीम बिना खाता खोले पवेलियन लौटे. इसके बाद कप्तान नजमुल हुसैन शांतो भी महज 10 रन बनाकर आउट हुए. शादमान इस्लाम भी बल्ले से कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके और 30 गेंदों का सामना करने के बाद 13 रन बनाकर आउट हुए. तौहीद हृदय को रोस्टन चेज ने बिना खाता खोले आउट किया.

लिटन दास 4 रन बनाकर पवेलियन लौटे. मेहदी हसन मिराज 9 रन बनाकर आउट हुए. दिन का खेल खत्म होने तक जेकर अली 18 और नईम हसन 18 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं. दोनों सातवें विकेट के लिए 26 रन जोड़ चुके हैं. टेस्ट के चौथे दिन वेस्टइंडीज जल्द से जल्द बांग्लादेश की पारी को समेटने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. वहीं, बांग्लादेश को जेकर अली से बड़ी पारी की आस होगी. बांग्लादेश की कुल बढ़त 106 रनों की हो चुकी है.

–

एसएम/