वीरता पुरस्कारों के नए स्वरूप वाले पोर्टल की शुरुआत, गौरवशाली पलों को सहेजने का प्रयास

New Delhi, 12 नवंबर . वीरता पुरस्कारों के नए स्वरूप वाले पोर्टल की शुरुआत की गई है. इस पोर्टल के जरिए देश के वीरता पुरस्कार विजेताओं की बहादुरी, उनके बलिदान और उनकी गौरवशाली कहानियों को एक ही डिजिटल मंच पर सहेजा जाएगा. इसका मकसद देश के वीर जवानों की शौर्य गाथाओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना और युवाओं को उनके साहस और देशभक्ति से परिचित कराना है.

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने Thursday को New Delhi में इस पोर्टल की शुरुआत की. नए स्वरूप में तैयार किए गए इस पोर्टल में पहले के मुकाबले कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं. इसे आम लोगों के लिए इस्तेमाल करने में आसान बनाया गया है. इसका डिजाइन बेहतर किया गया है और अब लोग आसानी से अलग-अलग जानकारियों तक पहुंच सकेंगे.

पोर्टल पर कार्यक्रमों, स्मारकों और संग्रहालयों, युद्धों से जुड़ी जानकारियों, वीरता पुरस्कार विजेताओं, लेखों और मीडिया के लिए अलग-अलग खंड बनाए गए हैं. इसमें एक विशेष श्रद्धांजलि खंड भी जोड़ा गया है, जहां लोग देश के सैन्य इतिहास को जानने के साथ अपने वीर जवानों को नमन कर सकेंगे. इस पोर्टल की एक खास बात यह है कि इसमें वीर गाथा कार्यक्रम को भी एक अलग डिजिटल प्लेटफार्म दिया गया है. यहां वीर गाथा के हर संस्करण के लिए अलग पेज बनाया गया है. इसमें कार्यक्रम का परिचय, विषय, समय-सारिणी, मूल्यांकन के नियम, पुरस्कार व अध्ययन सामग्री है.

इसके अलावा वीर गाथा के परिणाम, सम्मान समारोह, तस्वीरें और विद्यार्थियों की गतिविधियों से जुड़ी जानकारियां भी एक ही जगह उपलब्ध होंगी. इससे विद्यार्थियों को वीरता पुरस्कार विजेताओं की कहानियां जानने और उनसे प्रेरणा लेने का मौका मिलेगा. वे इन वीर जवानों के साहस और बलिदान के बारे में पढ़ने के साथ अपनी रचनाओं के जरिए भी अपनी भावनाएं व्यक्त कर सकेंगे. वीर गाथा कार्यक्रम ने कुछ ही वर्षों में बड़े स्तर पर अपनी पहुंच बनाई है. इसके पहले संस्करण में करीब 8 लाख विद्यार्थियों और 4,788 स्कूलों ने हिस्सा लिया था.

वहीं, पांचवें संस्करण तक पहुंचते-पहुंचते इसमें भाग लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या बढ़कर 1.92 करोड़ से अधिक हो गई और स्कूलों की संख्या 1.9 लाख से ज्यादा पहुंच गई. इस कार्यक्रम में विदेशों के विद्यार्थी भी शामिल हो रहे हैं. पांचवें संस्करण में 18 देशों के 91 केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध स्कूलों के 28,005 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था.

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक वीरता पुरस्कार पोर्टल को विकसित करने का उद्देश्य आजादी के बाद से अब तक दिए गए वीरता पुरस्कारों, उन्हें पाने वाले योद्धाओं, युद्धों और सैन्य अभियानों से जुड़ी प्रमाणिक जानकारियों का एक व्यापक डिजिटल संग्रह तैयार करना है. इसके साथ ही यह पहल देश की समृद्ध सैन्य विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाने और खासकर युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का प्रयास है. इस मौके पर रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और रक्षा मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.

–

जीसीबी/डीकेपी