
हनोई, 28 नवंबर . वियतनाम के मध्य क्वांग नगाई प्रांत में Saturday को भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए. मूसलाधार बारिश से करीब 1,700 घर पानी में डूब गए, कई इलाकों का संपर्क टूट गया और जगह-जगह भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटनाएं सामने आईं.
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, प्रांत की 21 कम्यून और वार्ड बाढ़ से प्रभावित हुए हैं. इनमें थियेन टिन और फुओक गियांग सबसे ज्यादा प्रभावित इलाके रहे. थियेन टिन में 1,115 घरों में पानी भर गया, जबकि फुओक जियांग में 490 घर बाढ़ की चपेट में आ गए. प्रशासन ने बाढ़ और भूस्खलन के खतरे वाले इलाकों से 83 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है.
क्वांग नगाई के अलावा गिया लाई, डाक लाक और खान होआ प्रांतों में भी बाढ़ का असर देखा गया. कई रिहायशी इलाकों और सड़कों पर पानी भर गया. कुछ शहरों की सड़कों पर पानी का स्तर 30 सेंटीमीटर से ज्यादा पहुंच गया, जबकि कई मार्गों पर भूस्खलन के कारण यातायात प्रभावित हुआ.
सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘नेशनल सेंटर फॉर हाइड्रो-मेटियोरोलॉजिकल फोरकास्टिंग ने चेतावनी दी है कि 30 नवंबर की सुबह तक मध्य वियतनाम के कुछ इलाकों में 500 मिमी से अधिक बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने आगे भी बाढ़, अचानक आने वाली बाढ़ (फ्लैश फ्लड) और भूस्खलन का खतरा बने रहने की आशंका जताई है.
इससे पहले अक्टूबर में ‘टाइफून मैटमो’ के कारण हुई भारी बारिश और बाढ़ ने उत्तरी और उत्तर-मध्य वियतनाम में भारी तबाही मचाई थी. वियतनाम आपदा और बांध प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, उस आपदा में 15 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे.
टाइफून और बाढ़ के कारण 2.25 लाख से ज्यादा घर पानी में डूब गए थे, जबकि 1,500 से अधिक घर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुए थे. इसके अलावा लगभग 24,000 हेक्टेयर धान और अन्य फसलें भी बाढ़ में डूब गई थीं. करीब 5.87 लाख पशु और मुर्गियां मर गईं या बाढ़ के पानी में बह गईं.
आपदा के चलते परिवहन व्यवस्था पर भी बड़ा असर पड़ा था. बाढ़ और भूस्खलन के कारण 27 सड़क मार्ग बंद हो गए थे. बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई थी. एजेंसी के अनुसार, लगभग 1.81 लाख घरों में बिजली गुल हो गई थी, जबकि कई प्रांतों में दूरसंचार सेवाएं भी आंशिक रूप से बाधित रहीं.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वियतनाम के Prime Minister फाम मिन्ह चिन्ह ने आपात निर्देश जारी किए थे. उन्होंने अधिकारियों को फ्लैश फ्लड और भूस्खलन से बचाव के लिए तैयारियां तेज करने और प्रभावित इलाकों में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे.
लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मध्य वियतनाम में फिलहाल हालात चिंताजनक बने हुए हैं और प्रशासन लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है.
–
एवाई/डीकेपी
Skip to content