विमेंस एशिया कप 2026: थाईलैंड के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी टीम इंडिया, चौथे खिताब पर होंगी निगाहें

New Delhi, 29 अगस्त . विमेंस टी20 एशिया कप 2026 में टीम इंडिया अपने अभियान का आगाज Sunday को थाईलैंड के खिलाफ करेगी. हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम टूर्नामेंट का आगाज जीत के साथ करना चाहेगी. भारतीय टीम की निगाहें चौथी बार टी20 विमेंस एशिया कप का खिताब जीतने पर होगी.

भारतीय टीम का बल्लेबाजी क्रम काफी मजबूत नजर आ रहा है. शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना पारी का आगाज करती हुई नजर आएंगी. मंधाना और शेफाली के लिए यह साल खासतौर पर टी20 फॉर्मेट में बढ़िया रहा है. हालांकि, जेमिमा रोड्रिग्स की गैरमौजूदगी में नंबर तीन की जिम्मेदारी कौन संभालेगा, यह देखना काफी दिलचस्प होगा. जेमिमा के स्थान पर प्रतिका रावल को टीम में जगह दी गई है, लेकिन वह काफी लंबे समय से टी20 फॉर्मेट से दूर रही हैं.

ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी होगी. वह बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दे सकती हैं. इसके साथ ही ऋचा घोष से भी टीम को धमाकेदार प्रदर्शन की आस होगी. ऋचा अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए जानी जाती हैं और जेमिमा की गैरमौजूदगी में उन्हें बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भी प्रमोट किया जा सकता है. तेज गेंदबाजी की कमान क्रांति गौड़ और रेणुका ठाकुर संभालेंगी. वहीं, श्री चरणी और राधा यादव अपनी घूमती गेंदों से यूएई की धरती पर बल्लेबाजों की परीक्षा ले सकती हैं. भारतीय टीम इससे पहले तीन बार विमेंस टी20 एशिया कप के खिताब को अपने नाम कर चुकी है.

दूसरी ओर, थाईलैंड की टीम काफी आत्मविश्वास के साथ इस टूर्नामेंट में उतरी है. उन्होंने जून में फाइनल में यूएई को हराकर विमेंस प्रीमियर कप जीता था और इस टूर्नामेंट की शुरुआत भी शानदार अंदाज में की है. बाएं हाथ की स्पिनर थिपचा पुत्थावोंग उनकी गेंदबाजी की मुख्य कड़ी हैं और विमेंस टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं. उनके नाम 169 विकेट हैं. हांगकांग के खिलाफ 1-23 के आंकड़े के साथ उन्होंने India की दीप्ति को पीछे छोड़ा था.

ऑफ-स्पिनर ओनिचा कामचोमफू भी अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं. उन्होंने हांगकांग के खिलाफ शुरुआती मैच में 3-27 विकेट लिए और अपने 150 टी20 इंटरनेशनल विकेट पूरे किए. 25 साल की विकेटकीपर नन्नापत कोंचारोएन्काई एक उभरती हुई बल्लेबाज हैं. वह टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं. India के खिलाफ फनिता माया और नत्थाकन चंथम के प्रदर्शन पर भी निगाहें रहेंगी.

India और थाईलैंड के बीच यह मुकाबला Dubai इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है. इस मैदान पर आमतौर पर स्पिन गेंदबाजों को विकेट से अच्छी मदद मिलती है. ग्राउंड बढ़ा होने के कारण बाउंड्री लगाना भी आसान नहीं रहता है. गेंद बल्ले पर थोड़ा फंसकर आती है. एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, Sunday को मौसम पूरी तरह से साफ बना रहेगा और बारिश होने की आशंका बिल्कुल भी नहीं है.

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कामलिनी (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, प्रेमा रावत, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह, एन श्री चरणी और नंदनी शर्मा.

थाईलैंड: नारुएमोल चाइवाई (कप्तान), नन्नापत कोनचारोएनकाई, नत्थाकन चंथम, चानिदा सुथिरुआंग, सुलेपोर्न लाओमी, ओनिचा कामचोम्फु, थिपचा पुथावोंग, फन्निता माया, एफिसारा सुवानचोनराथी, सुनीदा चतुरोंग्रट्टाना, चयनिसा फेंगपैन, नन्नाफाट चाइहान, कोरानित सुवानचोनराथी, थानराडा सीसावन और नाओमी हैमिल्टन.

एसएम/डीकेपी