विमेंस इमर्जिंग नेशंस: ‘ब्राइस बहनों’ के बीच अर्धशतकीय साझेदारी; स्कॉटलैंड ने जिम्बाब्वे को हराया, मगर नहीं मिला फाइनल का टिकट

अजमान, 23 नवंबर . स्कॉटलैंड ने कारवां क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 के ‘सुपर-6’ मुकाबले में जिम्बाब्वे के विरुद्ध 74 रन से दमदार जीत दर्ज की. अर्धशतकीय पारी के बाद शानदार गेंदबाजी के लिए कप्तान कैथरीन ब्राइस को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. हालांकि, टीम फाइनल मैच में प्रवेश करने में नाकाम रही.

स्कॉटलैंड 5 में से 2 मुकाबले जीतकर ‘सुपर-6’ की प्वाइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर रही. वहीं, श्रीलंका ने सभी पांच मैच जीतकर शीर्ष पायदान हासिल किया, जबकि आयरलैंड 5 में से 3 मुकाबले अपने नाम करते हुए दूसरे स्थान पर रही.

अजमान में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी स्कॉटलैंड की टीम ने 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 146 रन बनाए. इस टीम ने महज 6 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद कप्तान कैथरीन ब्राइस ने अपनी छोटी बहन सारा ब्राइस के साथ तीसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 50 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला.

सारा 22 गेंदों में 2 चौकों के साथ 25 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद कैथरीन ने एक छोर संभाला. उन्होंने पिप्पा स्प्राउल के साथ चौथे विकेट के लिए 30 रन, जबकि प्रियानाज चटर्जी के साथ पांचवें विकेट के लिए 25 रन जुटाकर टीम को शतक के पार पहुंचाया.

चटर्जी 9 रन बनाकर आउट हुईं. यहां से कैथरीन ने इसाबेला वॉटसन (9) के साथ छठे विकेट के लिए 18 गेंदों में 31 रन जोड़कर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा दिया. कैथरीन 48 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 69 रन बनाकर आउट हुईं.

विपक्षी खेमे से क्रिस्टीन मुतासा ने 26 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि नोमवेलो सिबांडा, तेन्दई मकुशा और ऑड्रे माजविशाया को 1-1 विकेट हाथ लगा.

इसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 16.2 ओवरों में महज 72 रन पर ढेर हो गई. इस टीम ने महज 2 के स्कोर पर केलिस न्धलोवु (0) का विकेट खो दिया था, जिसके बाद चिपो मुगेरी-तिरिपानो ने मोडेस्टर मुपाचिकवा (11) के साथ दूसरे विकेट के लिए 37 रन जोड़े. तिरिपानो 22 रन बनाकर पवेलियन लौटीं और फिर बाद में विकेटों के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया. मुपाचिकवा और तिरिपानो के अलावा, किसी अन्य बल्लेबाज ने दहाई का आंकड़ा नहीं छुआ.

विपक्षी खेमे से किर्स्टी गॉर्डन ने महज 13 रन देकर 4 विकेट निकाले, जबकि कैथरीन ब्रायस ने 3 ओवरों में 16 रन देकर 2 विकेट चटकाए. इनके अलावा, अबताहा मकसूद ने 2 विकेट हासिल किए. एक विकेट कैथरीन फ्रेजर के हाथ लगा.

–

आरएसजी