विनीत मिनोचा हत्याकांड : बहू नहीं, बेटे ने रची पिता की हत्या की साजिश, छह लाख रुपए की दी थी सुपारी

Lucknow, 24 सितंबर . उत्तर प्रदेश की Kanpur Police ने दवा व्यापारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में बड़ा खुलासा करते हुए उनके बेटे सुब्रत मिनोचा को गिरफ्तार किया है. Police के मुताबिक, सुब्रत ने ही अपने पिता की हत्या की साजिश रची थी.

जांच में सामने आया कि उसे डर था कि पिता दूसरी शादी कर सकते हैं. इसके अलावा, पिता के कथित निजी जीवन को लेकर भी वह नाराज था. इसी के चलते उसने पिता की हत्या कराने की योजना बनाई.

Police के अनुसार, 5 सितंबर को नौकर विशाल और उसके साथी राजकिशोर ने सुब्रत के कहने पर विनीत मिनोचा की चाकू से गोदकर हत्या की थी. घटना के बाद हत्यारों की तस्वीरें पड़ोसी के cctv कैमरे में कैद हुई थीं. वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में व्यापारी के शरीर पर चाकू के 17 घाव मिले थे.

Police कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान Police ने रिमांड पर बहू शालू, नौकर विशाल और राजकिशोर से कई दौर में पूछताछ की. पूछताछ के दौरान सुब्रत का नाम सामने आया. इसके बाद Police ने सुब्रत को गिरफ्तार कर लिया.

जांच में यह भी सामने आया कि विशाल वर्ष 2012 से 2022 तक विनीत के मेडिकल स्टोर पर काम करता था. चोरी के आरोप में उसे नौकरी से निकाल दिया गया था. Police के मुताबिक, बाद में विशाल ने सुब्रत के साथ मिलकर उसके पिता के मेडिकल स्टोर से चोरी करने में भी मदद की.

Police का दावा है कि सुब्रत पर करीब 40 लाख रुपए का कर्ज था और पिता की ओर से उसे 40 हजार रुपए प्रति माह वेतन दिया जाता था. कर्ज चुकाने के लिए वह पिता के मेडिकल स्टोर से चोरी करता था. इसी दौरान उसने पिता की हत्या की साजिश रची.

Police के मुताबिक, सुब्रत ने पिता की हत्या के लिए छह लाख रुपए की सुपारी तय की थी और आरोपियों को दो लाख रुपए एडवांस में दिए थे. उसने आरोपियों से यह भी कहा था कि अगर वे पकड़े जाएं, तो हत्या के मामले में उसकी पत्नी शालू का नाम लें.

रिमांड के दौरान पूछताछ में बहू शालू ने Police से कथित तौर पर कहा कि उसके पति सुब्रत को छोड़ दिया जाए और उसे जेल भेज दिया जाए. Police अब हत्या की पूरी साजिश, पैसों के लेनदेन और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.

डीके/एबीएम