वनडे सीरीज: डेब्यू मैच में जॉर्डन हरमन ने जड़े 150 रन, नामीबिया के खिलाफ साउथ अफ्रीका की दमदार जीत

विंडहोक, 9 सितंबर . साउथ अफ्रीका ने Wednesday को बारिश से प्रभावित वनडे मुकाबले में नामीबिया को ‘डकवर्थ लुईस नियम’ के आधार पर 99 रन से मात दी. इसी के साथ साउथ अफ्रीका ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से लीड बना ली है.

नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पर टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी साउथ अफ्रीकी टीम ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 348 रन बनाए. टीम ने 27 के स्कोर पर कॉनर एस्टरहुइजेन (10) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद अपना पहला वनडे मैच खेल रहे जॉर्डन हरमन ने टोनी डी जोरजी के साथ दूसरे विकेट के लिए 166 गेंदों में 190 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 200 के पार पहुंचाया.

जोरजी 84 गेंदों में 8 बाउंड्री के साथ 72 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद हरमन ने देवाल्ड ब्रेविस के साथ तीसरे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 275 के स्कोर तक पहुंचाया. हरमन 126 गेंदों में 3 छक्कों और 17 चौकों के साथ 150 रन बनाकर आउट हुए. इसी के साथ हरमन वनडे डेब्यू में सर्वोच्च पारी खेलने वाले संयुक्त रूप से ‘नंबर-1’ बल्लेबाज बन गए. हरमन से पहले 10 फरवरी 2025 को साउथ अफ्रीका के मैथ्यू ब्रीत्जके ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 148 गेंदों में 16 बाउंड्री के साथ 150 रन की पारी खेली थी.

नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में साउथ अफ्रीकी टीम ने 292 रन तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद कॉर्बिन बॉश (नाबाद 39) ने जेसन स्मिथ (15) के साथ छठे विकेट के लिए 32 गेंदों में 41 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 300 के पार पहुंचा दिया. विपक्षी खेमे से रूबेन ट्रम्पेलमैन ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि जेजे स्मिट और गेरहार्ड इरास्मस ने 1-1 विकेट चटकाया.

इसके जवाब में मलन क्रूगर ने अलेक्जेंडर वोल्शेंक के साथ पहले विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी की. अलेक्जेंडर 60 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद टीम ने 68 रन तक 3 विकेट गंवा दिए. नामीबिया ने 21.3 ओवरों में 3 विकेट खोकर 76 रन बना लिए थे, जिसके बाद बारिश के चलते ओवरों में कटौती की गई और टीम को जीत के लिए 38 ओवरों में 301 रन का टारगेट मिला.

नामीबिया ने 24 ओवरों की समाप्ति तक 4 विकेट खोकर 95 रन बना लिए थे, जिसके बाद एक बार फिर बारिश ने खेल रोका. जब मुकाबला शुरू हुआ, तो लक्ष्य में फिर से संशोधन किया गया और टीम को 7 ओवरों में 167 रन की दरकार थी. विशाल स्कोर के सामने जेजे स्मिट (31) ने जेन ग्रीन (11) के साथ छठे विकेट के लिए 21 रन और रूबेन ट्रम्पेलमैन (नाबाद 14) के साथ सातवें विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी की, लेकिन मेजबान निर्धारित 31 ओवरों की समाप्ति तक 8 विकेट खोकर 162 रन ही बना सके. विपक्षी खेमे से प्रेनेलन सुब्रायेन ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि क्वेना माफाका ने 2 विकेट निकाले. क्वेना माफाका और कॉर्बिन बॉश ने 1-1 विकेट चटकाया.

आरएसजी