
शंघाई, 14 अक्टूबर . राफेल जोडर ने शानदार जुझारूपन दिखाते हुए लगातार तीसरे मैच में एक सेट गंवाने के बाद वापसी की और शंघाई मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई. यह टूर्नामेंट इस सीजन के सबसे बड़े एटीपी मास्टर्स 1000 आयोजनों में से एक है.
20 वर्षीय जोडर ने नीदरलैंड्स के बोटिक वैन डी जैंडशल्प को 2 घंटे 30 मिनट तक चले मुकाबले में 6-7(4), 6-4, 6-2 से हराया. पहला सेट हारने के बाद उन्होंने शानदार वापसी की और अगले दो सेट जीतकर मैच अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ जोडर शंघाई मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं.
शंघाई मास्टर्स के इतिहास में सबसे युवा क्वार्टर फाइनलिस्ट जैकब मेन्सिक हैं, जो 19 साल की उम्र में शंघाई मास्टर्स 2024 में अपने पहले एटीपी मास्टर्स 1000 क्वार्टर फाइनल में पहुंचे थे. वैन डी जैंडशल्प ने मैच की शानदार शुरुआत की और पहले सेट में मिले दोनों ब्रेक प्वाइंट बचाए. इसके बाद उन्होंने टाई-ब्रेक में बेहतरीन खेल दिखाते हुए शुरुआती बढ़त हासिल कर ली. हालांकि, राफेल जोडर ने हार नहीं मानी और दूसरे सेट से अपनी लय पकड़नी शुरू की. धीरे-धीरे उन्होंने मैच पर नियंत्रण बना लिया और शानदार वापसी करते हुए क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. एटीपी टूर की रिपोर्ट के अनुसार, यह उनका शंघाई में पहला टूर्नामेंट था.
इस जीत के साथ एटीपी फाइनल्स के लिए क्वालिफाई करने की उनकी उम्मीदें भी मजबूत हो गई हैं. 20 वर्षीय जोडर एटीपी टूर पर अपना पहला पूरा सीजन खेल रहे हैं और इस साल उनका जीत-हार का रिकॉर्ड 41-16 हो गया है. वह फिलहाल ‘एटीपी लाइव रेस टू ट्यूरिन’ में 11वें स्थान पर हैं और 10वें स्थान पर मौजूद नोवाक जोकोविच से केवल 131 अंक पीछे हैं. जोडर पहली बार सीजन के प्रतिष्ठित एटीपी फाइनल्स में जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं.
जीत के बाद जोडर ने कहा, “मुझे लगता है कि मैं सही चीजें कर रहा था, लेकिन उन्होंने टाई-ब्रेक में अहम प्वाइंट मुझसे बेहतर खेले. इसी कारण उन्होंने पहला सेट जीता. मुझे सिर्फ दो ब्रेक प्वाइंट मिले थे. दूसरे सेट में मैंने ब्रेक के साथ शुरुआत की, जिससे मुझे सेट में आगे बढ़ने और बेहतर स्थिति में आने में मदद मिली. आज का मैच जैसा रहा, उससे मैं बहुत खुश हूं.” राफेल जोडर का अगला मुकाबला शंघाई मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल में चौथी वरीयता प्राप्त फेलिक्स ऑगर-एलियासिम या कैस्पर रूड में से किसी एक खिलाड़ी के खिलाफ होगा.
वहीं, दिन के बाद होने वाले मुकाबलों में डेनिल मेदवेदेव और स्टेफानोस सितसिपास आमने-सामने होंगे. दोनों खिलाड़ियों के बीच चौथे राउंड का यह मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे चर्चित मैचों में से एक माना जा रहा है. 2019 के चैंपियन डेनिल मेदवेदेव ने पिछले कुछ समय में शानदार वापसी की है. जब वह पिछले साल शंघाई मास्टर्स में खेले थे, तब उनकी विश्व रैंकिंग 18 थी. हालांकि, इस साल सेमीफाइनल तक पहुंचने और 43 मैच जीतने के बाद 2021 यूएस ओपन चैंपियन फिर से दुनिया के नंबर 6 खिलाड़ी बन गए हैं. इसके साथ ही वह निट्टो एटीपी फाइनल्स के लिए क्वालिफाई करने की मजबूत दौड़ में भी शामिल हैं.
स्टेफानोस सितसिपास ने भी मुश्किल दौर से निकलकर शानदार वापसी की है. पीठ की चोट और खराब फॉर्म के कारण जून में उनकी रैंकिंग 88 तक गिर गई थी. हालांकि, लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर उन्होंने फिर से टॉप-40 में जगह बना ली है. सितसिपास ने शंघाई मास्टर्स के तीसरे राउंड में टेलर फ्रिट्ज को हराकर इस साल की अपनी 34वीं जीत दर्ज की. इससे पहले, दूसरे राउंड में लुसियानो डार्डेरी के खिलाफ जीत के साथ उन्होंने अपने पेशेवर करियर की 400वीं जीत का आंकड़ा भी छूआ था.
–
एसएम/पीएम
Skip to content