राजौरी में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, गुफा में बने ठिकाने से 9 यूबीजीएल ग्रेनेड और हथियार बरामद

राजौरी, 19 अक्टूबर . जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में सुरक्षाबलों ने Monday को एक संयुक्त अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया. सेना और जम्मू-कश्मीर Police की संयुक्त टीम ने कोटरांका तहसील के पंच गब्बर क्षेत्र स्थित चोर हिल की एक गुफा में बने छिपे हुए ठिकाने का भंडाफोड़ किया.

अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने ठिकाने से 9 यूबीजीएल (अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) ग्रेनेड, एक एके-47 मैगजीन और 18 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए.

बताया गया है कि यह हथियार और गोला-बारूद कांडी Police स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली एक गुफा में छिपाकर रखे गए थे. बरामदगी के बाद पूरे इलाके में तलाशी अभियान जारी है और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह सामग्री किस आतंकी समूह से संबंधित थी.

सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई राजौरी जिले में छिपाए गए हथियारों और गोला-बारूद का पता लगाने तथा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे लगातार अभियानों का हिस्सा है.

बता दें कि इससे पहले 13 अक्टूबर को पुंछ जिले में भी सेना और जम्मू-कश्मीर Police की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान के दौरान हथियारों और गोला-बारूद का एक बड़ा जखीरा बरामद किया था. उस कार्रवाई में एक एके-47 राइफल, एक मैगजीन, छह ग्रेनेड, 30 राउंड 7.62 एमएम गोला-बारूद, खाद्य सामग्री और दवाइयां बरामद हुई थीं.

हाल के महीनों में राजौरी और पुंछ जिलों में आतंकवाद विरोधी अभियान तेज किए गए हैं. सुरक्षाबल लगातार आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करने, घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम करने और विदेशी आतंकवादी नेटवर्क की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं.

इस वर्ष ऑपरेशन शेरूवाली के तहत राजौरी और पुंछ के घने जंगलों में कई दिनों तक घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया गया था. इसके अलावा सितंबर और अक्टूबर में भी कई स्थानों पर संयुक्त अभियान जारी रहे हैं.

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, राजौरी, पुंछ, डोडा, किश्तवाड़, रियासी, कठुआ, रामबन और उधमपुर के जंगलों में आतंकियों की मौजूदगी की सूचनाओं के बाद विशेष बलों और पैरा कमांडो द्वारा लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं.

–

एएमटी/डीकेपी