
New Delhi, 24 नवंबर . रनवे से लेकर अंतरिक्ष की कक्षा तक उड़ान भरने वाले विशेषज्ञों की सेहत और सुरक्षा सुनिश्चित की दिशा में नई पहल की जा रही है. इसके लिए सैन्य विमानन, नागरिक विमानन और मानव अंतरिक्ष अभियानों में चिकित्सा संबंधी चुनौतियों का समाधान ढूंढने का प्रयास किया जाएगा. इसके लिए भारतीय एयरोस्पेस चिकित्सा सोसायटी एक विशेष सम्मेलन आयोजित करने जा रही है.
यह 65वां वार्षिक सम्मेलन है जो 26 और 27 नवंबर को Bengaluru स्थित एयरोस्पेस चिकित्सा सोसायटी एयरोस्पेस चिकित्सा संस्थान में होगा. यहां सैन्य व नागरिक विमानन और अंतरिक्ष अभियानों में चिकित्सा सवालों पर देश-विदेश के विशेषज्ञ मंथन करेंगे. सम्मेलन में करीब 250 विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे. इनमें सैन्य और नागरिक विमानन क्षेत्र के चिकित्सक, भारतीय वायुसेना के विमान चालक और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन के वैज्ञानिक शामिल होंगे.
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक इस वर्ष सम्मेलन का विषय है ‘वन एयरस्पेस-वन मिशनः एयरोमेडिकल स्पोर्ट फ्रॉम रनवे टू ऑर्बिट’. इसके तहत सैन्य विमानन, नागरिक विमानन और मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रमों के लिए चिकित्सा सहायता को एक साथ जोड़ने पर चर्चा होगी. खास जोर उड़ान के हर चरण में स्वास्थ्य, सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने पर रहेगा.
सम्मेलन का उद्घाटन वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित करेंगे. India और विदेशों के वरिष्ठ सैन्य एवं नागरिक अधिकारी भी इसमें शामिल होंगे. सम्मेलन में कई महत्वपूर्ण व्याख्यान होंगे. एयर मार्शल सुब्रतो मुखर्जी स्मृति व्याख्यान दिया जाएगा.
वहीं, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण में एयरोस्पेस चिकित्सा के प्रधान सलाहकार और सेवानिवृत्त एयर वाइस मार्शल अनुपम अग्रवाल एयर वाइस मार्शल श्रीनागेश स्मृति व्याख्यान देंगे. सोसायटी पहली बार ‘कॉस्मोनॉट राकेश शर्मा व्याख्यान’ शृंखला भी शुरू करेगी. इसका नाम India के पहले अंतरिक्ष यात्री विंग कमांडर राकेश शर्मा के सम्मान में रखा गया है.
इस शृंखला में अंतरिक्ष अभियानों के भविष्य और अंतरिक्ष चिकित्सा एवं तकनीक में India की बढ़ती भूमिका पर चर्चा होगी. इसका पहला व्याख्यान स्काईरूट एयरोस्पेस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पवन कुमार चंदना देंगे.
रक्षा मंत्रालय के अनुसार सम्मेलन में 100 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे. इनके जरिए एयरोस्पेस चिकित्सा के क्षेत्र में हुए नए शोध और तकनीकी प्रगति सामने आएगी. साथ ही एक वैज्ञानिक प्रदर्शनी भी होगी. इसमें आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और जैव-चिकित्सा तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा. गौरतलब है कि वर्ष 1952 में स्थापित भारतीय एयरोस्पेस चिकित्सा सोसायटी देश की एकमात्र पंजीकृत एयरोमेडिकल संस्था है. यह 1954 से हर साल वैज्ञानिक सम्मेलन आयोजित कर रही है. इस बार का आयोजन विमानन और अंतरिक्ष चिकित्सा के क्षेत्र में काम कर रहे विशेषज्ञों को एक मंच देगा. इसका मकसद शोध, अनुभव और तकनीक के आदान-प्रदान के जरिए भविष्य की उड़ानों के लिए चिकित्सा सहायता को और बेहतर बनाना है.
–
जीसीबी/
Skip to content