
चेन्नई, 28 अक्टूबर . तमिलनाडु ने रणजी ट्रॉफी एलीट 2026-27 में Wednesday को रेलवे के खिलाफ 5 विकेट से जीत दर्ज की. तीन दिनों तक चले इस मुकाबले में कप्तान आर. साई किशोर को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया, जिन्होंने दोनों पारियों में कुल 7 विकेट हासिल किए.
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी रेलवे की टीम पहली पारी में सिर्फ 184 रन पर ढेर हो गई. इस टीम ने 7 के स्कोर पर अपने तीन विकेट खो दिए थे, जिसके बाद महज 51 रन तक उसके 6 विकेट गिर गए.
यहां से जुबेर अली ने मोर्चा संभाला. उन्होंने छोटी-छोटी साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की. इस दौरान अंतिम विकेट के लिए हिमांशु सांगवान (नाबाद 7) के साथ 61 रन की साझेदारी की. जुबेर 4 छक्कों और 7 चौकों के साथ 75 रन बनाकर आउट हुए. विपक्षी खेमे से सोनू यादव और साई किशोर ने 3-3 विकेट चटकाए.
इसके जवाब में तमिलनाडु की टीम अपनी पहली पारी में 165 रन पर ही सिमट गई. इस टीम ने 112 के स्कोर तक 8 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद बाबा इंद्रजीत (59) ने जेगानाथन हेमचुदेशन (26) के साथ नौवें विकेट के लिए 50 रन जोड़कर टीम को किसी तरह 150 के पार पहुंचाया. विपक्षी खेमे से राज चौधरी ने 41 रन देकर सर्वाधिक 5 विकेट हासिल किए, जबकि तौफीक उद्दीन मोंडल ने 4 विकेट चटकाए.
रेलवे के पास पहली पारी के आधार पर 19 रन की मामूली बढ़त थी. यह टीम अपनी दूसरी पारी में सिर्फ 108 रन पर ढेर हो गई. इस पारी में साहब युवराज ने 2 चौकों के साथ सर्वाधिक 42 रन बनाए. विपक्षी खेमे से साईं किशोर ने 4 विकेट झटके, जबकि हेमचुदेशन ने 3 विकेट हासिल किए.
तमिलनाडु को जीत के लिए 128 रन का टारगेट मिला, जिसे 59.1 ओवरों में 5 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया. अतीश एसआर ने नारायण जगदीसन के साथ पहले विकेट के लिए 31 रन की साझेदारी की, लेकिन इस साझेदारी के टूटने के बाद टीम ने महज 39 रन तक अपने 3 विकेट खो दिए.
इसके बाद बाबा इंद्रजीत (23) ने आंद्रे सिद्धार्थ (नाबाद 56) के साथ चौथे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया. इसके बाद सिद्धार्थ ने विमल कुमार (नाबाद 10) के साथ छठे विकेट के लिए 39 रन की अटूट साझेदारी की और टीम को आसान जीत दिलाई. विपक्षी खेमे से तौफीक उद्दीन मोंडल ने 50 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जबकि राज चौधरी को 1 विकेट हाथ लगा.
–
आरएसजी
Skip to content