
चेन्नई, 11 सितंबर . मशहूर तमिल स्कॉलर, डिबेट मॉडरेटर और एक्टर सोलोमन पप्पैया के निधन से तमिलनाडु में शोक की लहर है. उनके निधन पर सुपरस्टार रजनीकांत से लेकर तमिलनाडु के Chief Minister थलपति विजय और भाजपा नेता अन्नामलाई ने गहरा दुख जताया है.
रजनीकांत ने प्रोफेसर सोलोमन पप्पैया के निधन पर अपने एक्स अकाउंट के जरिए श्रद्धांजलि दी. उन्होंने तमिल में लिखा, ”मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि महान तमिल विद्वान प्रोफेसर सोलोमन पप्पैया की आत्मा को शांति मिले. उन्होंने साहित्यिक मंचों को सिर्फ शिक्षित वर्ग तक सीमित नहीं रहने दिया बल्कि अपनी खास शैली से उन्हें आम लोगों तक पहुंचाया.”
तमिलनाडु के Chief Minister थलपति विजय ने भी सोलोमन पप्पैया के निधन पर गहरा दुख जताया. उन्होंने तमिलनाडु सीएमओ के आधिकारिक एक्स पेज पर लिखा, ”तमिल विद्वान प्रोफेसर सोलोमन पप्पैया के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख पहुंचा. उन्होंने मंचों के जरिए दुनिया को तमिल भाषा की महानता और तमिल लोगों की जीवनशैली से परिचित कराया. अपने हास्य से भरे भाषणों, तमिल भाषा पर गहरी पकड़ और सामाजिक विचारों को बेहद आसान तरीके से लोगों तक पहुंचाने की अपनी क्षमता के जरिए उन्होंने एक बड़ी पहचान बनाई.”
उन्होंने कहा, ”प्रोफेसर सोलोमन पप्पैया ने मंचों को सोचने और विचार करने के लिए प्रेरित करने वाले जगह में बदल दिया. इस क्षेत्र में उनका योगदान बहुत बड़ा है. उनका जाना तमिल भाषी दुनिया के लिए एक ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती. मैं उनके निधन पर शोक व्यक्त करता हूं और उनके परिवार, रिश्तेदारों, दोस्तों और तमिल भाषा से प्रेम करने वाले सभी लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता हूं.”
वहीं, तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई ने भी सोलोमन पप्पैया के निधन पर दुख जताया. उन्होंने लिखा, ”प्रख्यात तमिल विद्वान और मंचों के माध्यम से समाजोपयोगी विचारों को दुनिया तक पहुंचाने वाले प्रतिष्ठित व्यक्तित्व प्रोफेसर सोलोमन पप्पैया के निधन की खबर अत्यंत दुखद है. मैं सोलोमन पप्पैया के परिवारजनों और रिश्तेदारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले.”
–
पीके/पीएम
Skip to content