यूपी में वोटर बनने का मौका, 17 और 24 अक्टूबर को हर बूथ पर लगेंगे विशेष कैम्प

Lucknow, 13 अक्टूबर . उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार वोटर बनने वाले युवाओं को पंजीकरण का मौका देने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को प्रदेशव्यापी विशेष अभियान चलाया जाएगा. इसके तहत सभी जिलों के प्रत्येक मतदेय स्थल पर विशेष कैम्प लगाए जाएंगे, जहां बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे. पात्र नागरिक इन कैम्पों में फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे.

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने Tuesday को बताया कि India निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत 17 अक्टूबर (Saturday) और 24 अक्टूबर (Saturday), 2026 को प्रदेश के सभी जनपदों में विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे.

उन्होंने बताया कि कैम्पों में मतदाता पंजीकरण के लिए पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 उपलब्ध कराए जाएंगे. आवेदन करने वाले नागरिकों को फॉर्म के साथ नवीनतम फोटो तथा जन्मतिथि और पते से संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध कराने होंगे. प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी, जहां नागरिकों को फॉर्म भरने और पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने में मदद मिलेगी.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विशेष कैम्पों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए और प्रत्येक बूथ पर कैम्प का आयोजन सुनिश्चित किया जाए. इसके लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और social media का उपयोग किया जाएगा. मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय Political दलों के साथ सामाजिक संगठनों को भी कैम्पों की तिथियों की जानकारी दी जाएगी. उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों का व्यवस्थित अभिलेखीकरण किया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर निरीक्षण और पर्यवेक्षण करने वाले अधिकारियों को संबंधित रिकॉर्ड तत्काल उपलब्ध कराया जा सके. कैम्पों के चयनित फोटो और वीडियो जिला निर्वाचन अधिकारियों की वेबसाइट तथा आधिकारिक social media हैंडल पर भी अपलोड किए जाएंगे.

अभियान की निगरानी के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी और उप जिला निर्वाचन अधिकारी बूथों का पर्यवेक्षण करेंगे. निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का दौरा करेंगे. इसके अलावा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों समेत संबंधित अधिकारी भी कैम्पों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे. मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को अभियान की नियमित समीक्षा, सतत निगरानी और आपसी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो.

उन्होंने प्रदेश के पात्र नागरिकों से अपील की कि वे 17 और 24 अक्टूबर को अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें. यदि नाम सूची में शामिल नहीं है और वे निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं, तो फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन करें. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण आवश्यक है.

–

विकेटी/डीकेपी