यूपी में कांग्रेस का सीट मांगना गलत नहीं पर औचित्य भी होना जरूरी : रामजी लाल सुमन

New Delhi, 25 नवंबर . उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर सीट बंटवारे पर चल रही बातचीत के बीच Samajwadi Party और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. Samajwadi Party के सांसद रामजी लाल सुमन ने कहा कि पिछले दो दिनों में हुई वार्ता सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ी है और गठबंधन जरूर होगा.

रामजी लाल सुमन ने कहा कि जहां तक कल Samajwadi Party के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा पांच उम्मीदवारों की घोषणा का सवाल है, वे पांचों सीटें ऐसी हैं, जिन पर पार्टी के वर्तमान विधायक हैं. उन सीटों पर Samajwadi Party को चुनाव लड़ना ही था, इसलिए देर-सबेर उनकी घोषणा होनी ही थी. इस पर विवाद की कोई वजह समझ में नहीं आती.

उन्होंने कहा कि जब भी कोई गठबंधन होता है, तो उसके कुछ मानक और मापदंड होते हैं. कांग्रेस जो सीटें मांग रही है, उसे वह बुरा नहीं मानते. मांगना किसी भी दल का अधिकार है लेकिन मांग के साथ-साथ उसका औचित्य भी होना चाहिए.

सुमन ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता चाहती है कि सभी विपक्षी दल मिलकर चुनाव लड़ें और भाजपा को हराएं. यही जनता का मिजाज है और गठबंधन जरूर होगा. सीटों के सवाल पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने एक बार नहीं बल्कि कई बार कहा है कि सीट उसी व्यक्ति को मिलनी चाहिए, जो जीतने वाला हो.

उन्होंने कहा कि उम्मीदवार का क्षेत्र में संपर्क कैसा है, लोगों की उसके बारे में क्या राय है, यह देखना जरूरी है. अगर जनता किसी उम्मीदवार को स्वीकार करती है, तो उसे टिकट देना ज्यादा अच्छा होगा. कुल मिलाकर जोर इस बात पर होना चाहिए कि जीतने वाले व्यक्ति को ही टिकट मिले.

उन्होंने कहा कि यह गठबंधन कांग्रेस के हित में भी है और Samajwadi Party के हित में भी है. इसलिए कोई भी ऐसा काम नहीं करना चाहिए, जिससे भाजपा को लाभ हो. सभी को अपने विवेक से फैसला करना चाहिए. हमें सकारात्मक बात करनी चाहिए और गठबंधन के हित में बात करनी चाहिए. कोई भी ऐसी बात नहीं कहनी चाहिए, जो गठबंधन के मिजाज के खिलाफ हो.

सुमन ने कहा कि गठबंधन होगा, दो दिन सकारात्मक बातचीत हुई है. स्थिति ऐसी भी बन सकती है कि अंतिम चरण में राहुल गांधी और अखिलेश यादव को बात करनी पड़े, लेकिन गठबंधन जरूर होगा.

वहीं, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए सीट बंटवारे पर चल रही बातचीत के बीच Samajwadi Party द्वारा अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने पर एनसीपी (एसपी) के प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने कहा कि हर चुनाव से पहले गठबंधन में शामिल पार्टियां बैठकर सलाह-मशवरा करती हैं और सीटों पर बातचीत करती हैं.

उन्होंने कहा कि अच्छी तरह समीकरण बनाकर यह तय किया जाता है कि आगे जाकर चुनाव कैसे जीता जाए. यह प्रक्रिया हर बार होती है, इसमें कुछ भी गलत नहीं है. पार्टियां बैठेंगी और जहां जीतने वाली सीट है, जो एक-दूसरे के लिए फायदेमंद है, उस हिसाब से बात करके आगे बढ़ेंगी.

–

पीआईएम/पीएम