यूपी चुनाव 2027: फिरोजाबाद जिले की पांचों विधानसभा सीटों के नतीजे नहीं रहते एक जैसे

Lucknow, 10 नवंबर . उत्तर प्रदेश की सियासत में फिरोजाबाद की पहचान केवल चुनावी समीकरणों तक सीमित नहीं है. कांच की रंग-बिरंगी चूड़ियों, पारंपरिक हस्तशिल्प और समृद्ध ऐतिहासिक विरासत के लिए मशहूर यह जिला Political रूप से भी काफी दिलचस्प रहा है. यहां की पांच विधानसभा सीटें टूंडला, जसराना, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद और सिरसागंज अलग-अलग चुनावी मिजाज रखती हैं. कहीं भाजपा ने लगातार अपनी पकड़ मजबूत की है, तो कहीं Samajwadi Party का दबदबा दिखाई देता है. शिकोहाबाद में निर्दलीय उम्मीदवारों का इतिहास रहा है, जबकि सिरसागंज में सपा लगातार तीन विधानसभा चुनाव जीत चुकी है.

फिरोजाबाद का प्राचीन नाम चंदवार बताया जाता है. वर्ष 1566 में मुगल सम्राट अकबर के शासनकाल के दौरान फिरोज शाह मंसबदार के नाम पर इसका नाम फिरोजाबाद पड़ा. प्रचलित विवरण के मुताबिक, राजा टोडरमल तीर्थयात्रा पर गए थे और रास्ते में लुटेरों ने उन्हें लूट लिया था. इसके बाद अकबर ने फिरोज शाह को इस क्षेत्र में भेजा. फिरोज शाह की कब्र और कटरा पठानान के खंडहर उस दौर से जुड़ी ऐतिहासिक निशानियों के रूप में बताए जाते हैं.

मुगल शासन के बाद इस क्षेत्र ने मराठों, जाटों और अंग्रेजों के दौर को भी देखा. वर्ष 1737 में बाजीराव पेशवा ने फिरोजाबाद और अहमदपुर पर हमला किया. इसके बाद जाटों ने यहां करीब 30 वर्षों तक शासन किया. अठारहवीं सदी के अंतिम वर्षों में मराठों के सहयोग से भी इस क्षेत्र पर शासन हुआ. नवंबर 1794 में फ्रांसीसी सेना प्रमुख डी. वायान ने यहां आयुध कारखाना स्थापित किया था. बाद में अंग्रेजी शासन के दौरान फिरोजाबाद को अलग-अलग समय पर इटावा, अलीगढ़, सादाबाद और आगरा जिलों से जोड़ा गया.

फिरोजाबाद को India की ग्लास सिटी कहा जाता है. यहां का कांच उद्योग लंबे समय से रोजगार और व्यापार का प्रमुख आधार रहा है. चूड़ियों के साथ-साथ कांच की बोतलें, सजावटी सामान, रकाबियां, चम्मच और दूसरी वस्तुएं यहां तैयार की जाती हैं. पुराने समय में कांच की अनुपयोगी वस्तुओं को स्थानीय भट्टियों में पिघलाकर दोबारा इस्तेमाल किया जाता था. इसी प्रक्रिया से चूड़ियों और छोटी बोतलों के निर्माण को बढ़ावा मिला. समय के साथ यह काम बड़े उद्योग का रूप लेता गया.

जिले की पांचों विधानसभा सीटों के पिछले चुनावी नतीजे बताते हैं कि यहां मुकाबला एकतरफा नहीं रहा है. टूंडला में 2022 के चुनाव में भाजपा के प्रेमपाल सिंह धनगर ने जीत दर्ज की. उन्होंने बसपा छोड़कर सपा में आए राकेश बाबू को करीब 50 हजार वोटों के बड़े अंतर से हराया.

जसराना की कहानी इससे बिल्कुल अलग रही. 2022 में Samajwadi Party ने यहां बेहद करीबी मुकाबले में जीत हासिल की. सपा उम्मीदवार सचिन यादव को 1,08,289 वोट मिले, जबकि भाजपा के मानवेन्द्र प्रताप सिंह को 1,07,453 वोट प्राप्त हुए. दोनों के बीच जीत का अंतर महज 836 वोट रहा.

फिरोजाबाद विधानसभा सीट पर भाजपा ने 2012 में मनीष असीजा के जरिए अपनी वापसी की शुरुआत की थी. उन्होंने सपा के अजीम भाई को 2,015 वोटों से हराया. 2017 में असीजा की जीत का अंतर बढ़कर 41,727 वोट हो गया. 2022 में सपा ने सैफुर रहमान उर्फ छुट्टन भाई को मैदान में उतारा, लेकिन वह भाजपा का विजय रथ नहीं रोक सके. मनीष असीजा को 1,12,509 वोट मिले और उन्होंने 79,554 वोट पाने वाले सैफुर रहमान को 32,655 वोटों से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की.

शिकोहाबाद का चुनावी इतिहास जिले की बाकी सीटों से अलग है. यहां निर्दलीय उम्मीदवार छह बार जीत दर्ज कर चुके हैं. इस सीट पर किसी एक पार्टी का स्थायी दबदबा नहीं रहा. 2012 में सपा के ओम प्रकाश वर्मा ने बसपा के मुकेश वर्मा को 43,994 वोटों से हराया था. 2017 में मुकेश वर्मा भाजपा में शामिल हो गए और सपा के संजय कुमार को 10,777 वोटों से पराजित किया. 2022 से पहले मुकेश वर्मा सपा में लौट आए, जबकि ओम प्रकाश वर्मा भाजपा में चले गए. इस बार मुकेश वर्मा ने ओम प्रकाश वर्मा को 9,328 वोटों से हराया.

सिरसागंज परिसीमन के बाद बनी सीट है और यहां 2012 में पहली बार विधानसभा चुनाव हुआ. इस क्षेत्र के 90 प्रतिशत से अधिक मतदाता ग्रामीण इलाकों में रहते हैं. शुरुआत से ही Samajwadi Party ने यहां मजबूत पकड़ बनाई. 2012 में हरिओम यादव ने बसपा के अतुल प्रताप सिंह को 40,015 वोटों से हराया. 2017 में उन्होंने भाजपा के जयवीर सिंह को 10,676 वोटों से शिकस्त दी. 2022 में टिकट नहीं मिलने पर हरिओम यादव भाजपा में शामिल होकर चुनाव मैदान में उतरे, लेकिन सपा के सर्वेश सिंह यादव ने उन्हें 8,805 वोटों से हरा दिया.

–

/एबीएम