यूथ वनडे: यशवर्धन चौहान का शानदार प्रदर्शन, भारतीय अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 7 रनों से हराया

राजकोट, 18 सितंबर . निरंजन शाह स्टेडियम में Friday को बारिश से प्रभावित पहले यूथ वनडे मैच में ऑलराउंडर यशवर्धन चौहान के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 7 रनों से हराया.

बारिश के कारण 20-20 ओवर के इस मैच में, पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 182 रन लगाए. यशवर्धन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंदों में 54 रन बनाए. उन्होंने अपनी इस पारी में 5 चौके और 2 छक्के लगाए. इस मैच में India के दिग्गज क्रिकेटर राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटे अन्वय द्रविड़ और आर्यवीर सहवाग भी खेले.

स्टेडियम में अपने पिता के आक्रामक अंदाज में ओपनिंग करते हुए आर्यवीर ने 5 चौकों की मदद से 26 गेंदों में 28 रन बनाए. इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ ने आक्रामक रुख अपनाते हुए 18 गेंदों में 211 के स्ट्राइक रेट से 38 रन बनाए. उन्होंने अपनी इस पारी में 2 चौके और 3 छक्के लगाए.

द्रविड़ और चौहान ने पांचवें विकेट के लिए 69 रनों की अहम साझेदारी की, जिसने 12वें ओवर में 88/4 के स्कोर पर मुश्किल में फंसी भारतीय टीम को उबारा. ऑस्ट्रेलिया के लिए ऑफ-स्पिनर एली ब्रेन सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने अपने चार ओवरों में 29 रन देकर 2 विकेट लिए.

183 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई अंडर-19 ने अपने टॉप ऑर्डर के शानदार योगदान के दम पर जोरदार टक्कर दी. कप्तान जैक जोस्नेक ने 27 गेंदों में 55 रनों की तूफानी पारी खेलकर अपनी टीम को मुकाबले में बनाए रखा. उन्होंने अपनी इस पारी में 6 चौके और 3 छक्के लगाए.

ऑस्ट्रेलिया को जब 11 गेंदों में 24 रनों की जरूरत थी, तब जोस्नेक ने लगातार तीन चौके जड़े. दूसरे चौके के साथ उन्होंने 25 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की, लेकिन ठीक अगली ही गेंद पर वह आउट हो गए. आखिरी ओवर में ऑस्ट्रेलिया को 11 रन की जरूरत थी, तब दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहित उल्वा ने संयम बनाए रखा और सिर्फ तीन रन देकर India को रोमांचक जीत दिलाई. चौहान ने अपनी फिफ्टी के बाद गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया और 28 रन देकर 2 विकेट चटकाए. उन्होंने 21 गेंदों पर 45 रन बनाने वाले नील पटेल और हेडन बारबुलोविच (24 गेंदों पर 40 रन) को पवेलियन भेजा.

एसएम/डीकेपी