यूक्रेन की जवाबी कार्रवाई, ड्रोन हमले में रूस की ऑयल रिफाइनरी को पहुंचा नुकसान

New Delhi, 17 सितंबर . रूस के आक्रामक हमलों के जवाब में यूक्रेन भी जवाबी कार्रवाई को अंजाम देने में लगा हुआ है. क्षेत्र के गवर्नर मिखाइल येवरायेव के अनुसार, यूक्रेन के ड्रोन हमले में मध्य रूस के यारोस्लाव्ल क्षेत्र में एक ऑयल रिफाइनरी को नुकसान पहुंचा है.

रूसी समाचार एजेंसी ‘टास’ की र‍िपोर्ट के अनुसार, गवर्नर मिखाइल येवरायेव ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफार्म पर हमले की जानकारी दी. उनके अनुसार, मध्य रूस के यारोस्लाव्ल क्षेत्र में एक ड्रोन हमले के दौरान एक ऑयल रिफाइनरी को नुकसान पहुंचा.

उन्होंने कहा, “दुश्मन के बड़े ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया गया. कुल 65 ड्रोन मार गिराए गए हैं. किसी की मौत या घायल होने की कोई खबर नहीं है.” टास के अनुसार, उन्होंने बताया क‍ि एक तेल रिफाइनरी को नुकसान पहुंचा है. वहां लगी आग को बुझाने का काम जारी है.

गिराए गए ड्रोन के मलबे के गिरने से कई अपार्टमेंट, इमारतों की खिड़कियां भी टूट गईं और कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा. फिलहाल क्षेत्र में किसी तरह की ड्रोन चेतावनी लागू नहीं है. उन्होंने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और राहत एवं मरम्मत का काम जारी है.

वहीं, यूक्रेन के President वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस पर क‍िए गए जवाबी ड्रोन हमले की सफलता के ल‍िए अपने सैन‍िकों का आभार जताया.

जेलेंस्की ने social media प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ”मैं हमारे उन योद्धाओं का धन्यवाद करता हूं, जो हर दिन रूस को युद्ध का असर महसूस करा रहे हैं. बीती रात यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (एसबीयू), मानवरहित प्रणाली बलों, यूक्रेन की रक्षा खुफिया एजेंसी और विदेशी खुफिया सेवा के संयुक्त अभियान में यारोस्लाव्ल तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया गया.”

जेलेंस्की ने बताया क‍ि सुरक्षा सेवा ने रोस्तोव में स्थित एक सैन्य हवाई अड्डे पर भी सटीक हमला किया. इस हमले में एक एएन-12 विमान, दो एएन-26 विमान और तीन हेलीकॉप्टरों को नुकसान पहुंचने की पुष्टि हुई है. उन्होंने कहा कि काला सागर क्षेत्र में भी अच्छे परिणाम मिले हैं. हम हर दिन आक्रामकता का जवाब दे रहे हैं. रूस को शांति का रास्ता चुनना होगा.

एवाई/पीएम