यूएस ओपन के पहले राउंड से जोकोविच का बाहर होना बड़ा सरप्राइज: कार्लोस अल्काराज

न्यूयॉर्क, 1 सितंबर . गत यूएस ओपन चैंपियन कार्लोस अल्काराज ने नोवाक जोकोविच के टूर्नामेंट से पहले राउंड में चौंकाने वाले तरीके से बाहर होने को ‘बड़ा सरप्राइज’ बताया. 4 महीने के बाद टेनिस कोर्ट पर वापस लौटे कार्लोस अल्काराज ने रोमन सफीउलिन को हराकर दूसरे राउंड में जगह बना ली है.

मारियानो नवोन से पांच सेट में जोकोविच की हार ने सर्बियाई खिलाड़ी के कैंपेन को पहले राउंड में ही खत्म कर दिया. इस हार के साथ ही अल्काराज और जोकोविच के बीच संभावित सेमीफाइनल मुकाबले की उम्मीद भी खत्म हो गई.

अल्काराज ने बताया कि उन्होंने इस उलटफेर की अहमियत पर सोचने से पहले मैच के नाटकीय आखिरी स्टेज को देखा था.

रोमन सफीउलिन के खिलाफ मैच जीतने के बाद अल्काराज ने जोकोविच के मैच पर कहा, “मैंने पांचवां सेट देखा. यह पहली बार था जब नोवाक इस टूर्नामेंट में पहले राउंड में हारे, इसलिए यह बहुत हैरानी की बात है. नोवाक जैसा कोई खिलाड़ी पहले राउंड में बाहर हो जाए, यह हैरानी की बात है. लेकिन हर ग्रैंड स्लैम में हर राउंड, हर खिलाड़ी को पार करना वाकई मुश्किल होता है. यह वाकई मुश्किल है. आपको पहली बॉल से लेकर आखिरी बॉल तक जीत हासिल करनी होती है. वह ड्रॉ में मेरे हिस्से में थे, लेकिन यह सेमीफाइनल में था. मेरे लिए, सेमीफाइनल बहुत दूर है, इसलिए मैं बस राउंड दर राउंड आगे बढ़ने की कोशिश करता हूं.”

जोकोविच के हारने के बाद अल्काराज की सेमीफाइनल की चुनौतियां बदल गई हैं.

अल्काराज अप्रैल से दाहिनी कलाई की चोट की वजह से बाहर थे. उन्होंने माना कि कोर्ट पर वापसी करने पर उन्हें अजीब तरह की घबराहट हुई.

उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए एक मुश्किल दिन था. लेकिन, यह वाकई एक खूबसूरत दिन था. दिन की शुरुआत में मैं सच में बहुत नर्वस था, सोच रहा था ‘मैं कर लूंगा, मैं फिर से मुकाबला करूंगा’. मैं हमेशा से ज्यादा नर्वस था, लेकिन बस खुश था, क्योंकि यहां मेरा मकसद मुकाबला करना, एन्जॉय करना है, और देखते हैं कि मैचों के बाद मेरा शरीर कैसे रिएक्ट करता है.”

पीएके