यात्रियों के साथ जुड़ाव बढ़ाने के लिए ईस्ट कोस्ट रेलवे चलाएगा जन संवाद अभियान

भुवनेश्वर, 21 अक्टूबर . ईस्ट कोस्ट रेलवे (ईसीओआर) ने यात्रियों और रेलवे के बीच सीधा संवाद मजबूत करने, यात्रियों को जागरूक करने और रेलवे सेवाओं में जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से 22 अक्टूबर को अपने अधिकार क्षेत्र के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर ‘जन संवाद’ अभियान चलाने की घोषणा की है.

ईस्ट कोस्ट रेलवे ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि यह पहल रेलवे अधिकारियों, यात्रियों और आम लोगों के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करने के लिए शुरू की जा रही है. इस अभियान के जरिए यात्रियों की जरूरतों को समझने, रेलवे सेवाओं और सुविधाओं पर उनकी राय लेने, शिकायतों को सुनने और भारतीय रेलवे की यात्री हितैषी योजनाओं की जानकारी देने का प्रयास किया जाएगा.

अभियान के दौरान नामित अधिकारी, पर्यवेक्षक और फ्रंटलाइन कर्मचारी रेलवे स्टेशनों, कॉनकोर्स क्षेत्रों और प्रतीक्षालयों में यात्रियों से सीधे बातचीत करेंगे.

इस दौरान यात्रियों को रेलवे की दैनिक कार्यप्रणाली से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के बारे में जागरूक किया जाएगा. इनमें यात्री सुरक्षा के नियम, स्टेशन पर स्वच्छता बनाए रखना, रेलवे परिसरों का सही उपयोग, ट्रेन में चढ़ते और उतरते समय सुरक्षा सावधानियां तथा जिम्मेदार यात्रा व्यवहार शामिल हैं.

ईस्ट कोस्ट रेलवे ने बताया कि यात्रियों को स्टेशन सुविधाओं, आधुनिक यात्री सेवाओं, ट्रेनों में आरामदायक यात्रा और समग्र यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने के संबंध में अपने सुझाव और शिकायतें साझा करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा.

अभियान के माध्यम से रेलवे परिसरों को साफ-सुथरा रखने, सार्वजनिक रेलवे संपत्ति की सुरक्षा, रेलवे ट्रैक पार करने जैसी खतरनाक गतिविधियों से बचने और सुरक्षित रेल संचालन के लिए रेलवे कर्मचारियों का सहयोग करने के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा.

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस संवाद के दौरान प्राप्त सुझाव और प्रतिक्रियाएं यात्रियों की अपेक्षाओं को बेहतर ढंग से समझने तथा उन क्षेत्रों की पहचान करने में मदद करेंगी, जहां सुधार की आवश्यकता है.

ईस्ट कोस्ट रेलवे ने कहा कि यह पहल भारतीय रेलवे की यात्री-केंद्रित सेवाओं, पारदर्शी संवाद और लोगों के प्रति जवाबदेह व्यवस्था की प्रतिबद्धता को दर्शाती है.

रेलवे के अनुसार, अधिकारियों और यात्रियों के बीच सीधे और रचनात्मक संवाद के जरिए ‘जन संवाद’ अभियान का उद्देश्य जनविश्वास को मजबूत करना, रेलवे सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना और रेलवे संचालन की गुणवत्ता तथा विश्वसनीयता को बेहतर बनाने में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है.

–

एएमटी/