यमन की राजधानी सना में हवाई हमले, गैस स्टेशन और तेल कंपनी की इमारत को बनाया न‍िशाना

सना, 10 नवंबर . यमन की राजधानी सना में Tuesday को एक गैस सुविधा और एक तेल कंपनी की इमारत पर हवाई हमले किए गए. हूती समूह ने इन हमलों के लिए सऊदी अरब को जिम्मेदार ठहराया है. हमलों के बाद कई जगह आग लग गई और आसपास के कुछ घरों और दुकानों को भी नुकसान पहुंचा.

हूती व‍िद्रोहि‍यों की ओर से संचालित अल-मसीरा टीवी के अनुसार, सऊदी हवाई हमलों ने सना के उत्तर में बनी अल-हारिथ जिले में स्थित अल-मफजर गैस स्टेशन को निशाना बनाया. हमले के कारण गैस ले जा रहे कई टैंकर ट्रेलरों में आग लग गई. चैनल के मुताबिक, आग बुझाने और स्थिति को काबू में करने के लिए सिविल डिफेंस की टीमें लगातार काम कर रही हैं.

एक अन्य हमले में लड़ाकू विमानों ने यमन पेट्रोलियम कंपनी की इमारत को निशाना बनाया. यह सरकारी स्वामित्व वाली कंपनी है, जो हूती नियंत्रण वाले क्षेत्रों में ईंधन के वितरण और बिक्री का काम करती है. यह इमारत सना के दक्षिणी हिस्से में स्थित है.

रिपोर्ट के अनुसार, इन हवाई हमलों से आसपास के कई घरों और दुकानों को भी नुकसान पहुंचा.

स्थानीय निवासी ने समाचार एजेंसी शिन्हुआ को बताया कि विस्फोट इतने तेज थे कि आसपास के इलाकों में झटके महसूस किए गए. कई घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा और आग फैलने के कारण कई परिवारों को अपने घर छोड़ने पड़े. फिलहाल नुकसान की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है और अभी तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है. दूसरी ओर, सऊदी अरब की ओर से इन कथित हमलों पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गई.

यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब हूती व‍िद्रोह‍ियों और सऊदी अरब के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है. हूती समूह दावा करता रहा है कि उसने सऊदी हवाई अड्डों, तेल प्रतिष्ठानों और सैन्य ठिकानों पर कई मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं. वहीं सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने हूती नियंत्रण वाले इलाकों पर हवाई हमले तेज कर दिए हैं.

इससे पहले Saturday को भी सना के पास एक गांव पर हुए हवाई हमलों में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई थी. अल-मसीरा टीवी ने उस हमले के लिए भी सऊदी लड़ाकू विमानों को जिम्मेदार ठहराया था. चैनल के मुताबिक, सना के पूर्व में बनी हुशैश जिले के अश-शारियाह गांव में पांच रिहायशी घर पूरी तरह तबाह हो गए थे. मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे.

जिले के स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख ने अल-मसीरा को बताया कि बचाव दल ने मलबे से 11 शव निकाले हैं. हालांकि उन्होंने कहा कि खोज और राहत कार्य अभी जारी है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.

रिपोर्ट में कहा गया कि सऊदी लड़ाकू विमानों ने बचाव कार्य में जुटी टीमों को निशाना बनाते हुए दो और हवाई हमले किए. साथ ही गांव तक जाने वाली सड़कों पर भी हमला किया गया, जबकि क्षेत्र के ऊपर सैन्य विमान लगातार उड़ान भरते रहे. यमन में जारी लंबे संघर्ष के बीच इन ताजा घटनाओं ने एक बार फिर क्षेत्र में बढ़ते तनाव और मानवीय संकट को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं.

–

एवाई/डीकेपी