मौली तनुज प्रशांत की फिल्म ‘डोंगा ना कोडुकु’ का टीजर जारी, कॉमेडी और क्राइम का मिलेगा तड़का

हैदराबाद, 21 अक्टूबर . Actor मौली तनुज प्रशांत की आगामी तेलुगु क्राइम-कॉमेडी फिल्म ‘डोंगा ना कोडुकु’ के निर्माताओं ने Wednesday को इसका मजेदार टीजर जारी किया. श्रीनु कंबाला के निर्देशन में बनी इस फिल्म का टीजर दर्शकों को हंसी और मनोरंजन की भरपूर झलक देता है. कई सफल फिल्मों का निर्माण कर चुका प्रोडक्शन हाउस मैत्री मूवी मेकर्स ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर टीजर का लिंक साझा किया.

निर्माताओं ने पोस्ट में लिखा, ”भद्रम, सावधान रहना भाई… ‘डोंगा ना कोडुकु’ और उसका परिवार आ गया है. फिल्म का टीजर रिलीज हो गया है. ‘डोंगा ना कोडुकु’ 13 नवंबर से दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने आ रही है.” फिल्म का निर्देशन श्रीनु कंबाला ने किया है, जो इस फिल्म से निर्देशन के क्षेत्र में कदम रख रहे हैं. फिल्म 13 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.

फिल्म की कहानी ईश्वर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो बीटेक की पढ़ाई बीच में छोड़ चुका है. उसके माता-पिता पैसों को बहुत महत्व देते हैं. उसकी जिंदगी में एक करीबी दोस्त और गर्लफ्रेंड भी है. हालांकि, ईश्वर अपनी अगली जिंदगी में इनमें से किसी को नहीं चाहता और उसकी इच्छा सिर्फ पैसा पाने की है.

कहानी में चोरी और अपराध के तत्वों की एंट्री के साथ घटनाक्रम दिलचस्प मोड़ लेता है. फिल्म में हास्य के साथ क्राइम का मेल देखने को मिलेगा. टीजर का अंत समुद्र तट पर ईश्वर और उसकी गर्लफ्रेंड के बीच खाने को लेकर होने वाली मजेदार नोकझोंक के साथ होता है. फिल्म ‘लिटिल हार्ट्स’ में अपने अभिनय के लिए सराहना हासिल करने वाले मौली तनुज प्रशांत एक बार फिर अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को हंसाते नजर आएंगे.

टीजर में पाउडर वाला दृश्य, जिंदगी को लेकर मौली के किरदार का मजेदार नजरिया और टिफिन से जुड़ा हास्यपूर्ण प्रसंग शामिल है. इन दृश्यों से फिल्म में कॉमेडी की भरपूर खुराक मिलने की उम्मीद दिखाई देती है. फिल्म में सुष्मिता शेट्टी मौली की मासूम गर्लफ्रेंड की भूमिका में नजर आएंगी. अली और रजिता ने उनके माता-पिता का किरदार निभाया है. वहीं, रघुबाबू, प्रिया और गुंडू सुदर्शन भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे.

निर्देशक श्रीनु कंबाला ने मुख्य किरदार के अनोखे स्वभाव और उससे पैदा होने वाली हास्यपूर्ण परिस्थितियों के इर्द-गिर्द कहानी बुनी है. मौली के किरदार का चित्रण और अलग-अलग दृश्यों में कॉमेडी का इस्तेमाल फिल्म को मनोरंजक बनाने पर निर्देशक के जोर को दर्शाता है. फिल्म का निर्माण नवीन येरनेनी और वाई रविशंकर ने किया है, जबकि अनिल येरनेनी सह-निर्माता हैं. फिल्म की सिनेमैटोग्राफी सूर्या बालाजी ने संभाली है. संगीत सिंजित येर्रामिल्ली ने दिया है. फिल्म का संपादन श्रीधर सोमपल्ली ने किया है और प्रोडक्शन डिजाइन की जिम्मेदारी नागेंद्र गुव्वाला ने निभाई है.

कुल मिलाकर, फिल्म का टीजर चोरी और अपराध से जुड़ी दिलचस्प कहानी के साथ हास्य और मनोरंजन की भरपूर झलक पेश करता है.

–

डीएससी