‘मैं रोहित के लिए पागल हूं…’, कंटेस्टेंट की बात पर अमिताभ ने सुनाया रितिका का किस्सा

Mumbai , 29 सितंबर . मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की. दरअसल ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में हॉटसीट पर बैठी एक कंटेस्टेंट सोनाली ने क्रिकेट से जुड़े सवाल के दौरान रोहित शर्मा के लिए अपनी दीवानगी जाहिर की.

उन्होंने कहा कि वह उनकी बहुत बड़ी फैन है. इसके बाद अमिताभ बच्चन ने भी रोहित को लेकर एक प्यारा किस्सा शेयर किया.

शो में कंटेस्टेंट सोनाली से गेम के दौरान होस्ट अमिताभ बच्चन से मजाकिया अंदाज में कहा, ”सर, मैं एक रोहित पगली हूं और उन्हें देखना मेरा बहुत बड़ा सपना है और मैं समझती हूं कि मैं उनकी पत्नी हूं.”

सोनाली की यह बात सुनकर अमिताभ बच्चन अपनी हंसी नहीं रोक पाए. उन्होंने मजाक करते हुए कहा, ”लगता है बहुत प्रेम है आपको उनसे, उनको बताएंगे हम. हम बोलेंगे कि आप उनकी पत्नी बनने आई थीं.”

इसके बाद अमिताभ बच्चन ने रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा, ”मुझे भी रोहित बहुत पसंद हैं और मैं उनसे कई बार व्यक्तिगत तौर पर बात भी कर चुका हूं. जब भी वह मैदान पर खेलते हैं, मैं उनका मैच जरूर देखता हूं.”

अमिताभ बच्चन ने इसके साथ ही रोहित शर्मा की पत्नी रितिका सजदेह से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी सुनाया. उन्होंने कहा, ”जब हम स्टेडियम में रोहित को खेलते हुए देखते हैं, तो हमारी नजर कई बार रितिका पर भी जाती है, वह मैच के दौरान फिंगर्स क्रॉस करके बैठी रहती हैं.”

बिग बी ने आगे कहा, ”रितिका की यह आदत हमें काफी दिलचस्प लगी. हमने इस बारे में उनसे पूछा भी था, तो उन्होंने बताया था कि वह रोहित के साथ शादी होने से पहले से ही मैच के दौरान अपनी फिंगर्स क्रॉस करके रखती थीं.”

बता दें कि ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित हो रहा है. वहीं रोहित शर्मा इन दिनों सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के शो ‘फैमिली फुल हाउस’ को होस्ट करते नजर आ रहे हैं.

–

पीके/एएस