‘मैं ज्यादा कुछ नहीं कर सकती’, वर्ल्ड रैंकिंग में नंबर एक का ताज छीनने के बाद बोलीं सबालेंका

न्यूयॉर्क, 11 सितंबर . एलेना रिबाकिना विश्व की नंबर एक महिला टेनिस खिलाड़ी बन गई हैं. उन्होंने बेलारूस की आर्यना सबालेंका की बादशाहत को खत्म करते हुए नंबर एक की कुर्सी हासिल की. सबालेंका ने नंबर एक की पोजीशन गंवाने के बाद कहा कि वह इसमें ज्यादा कुछ नहीं कर सकती हैं.

एलेना रिबाकिना और आर्यना सबालेंका Sunday को यूएस ओपन 2026 के महिला सिंगल्स फाइनल मुकाबले में भिड़ेंगी. दोनों के बीच यह मुकाबला आर्थर ऐश स्टेडियम में खेला जाएगा. सबालेंका ने कहा कि दुनिया की नंबर 1 खिलाड़ी बनना बिल्कुल आसान नहीं है. उन्होंने माना कि सीजन के बीच में उनका प्रदर्शन थोड़ा गिर गया था, लेकिन नंबर एक की पोजीशन को गंवाना उन्होंने थोड़ा अजीब बताया.

सेमीफाइनल में जेसिका पेगुला को हराने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, “मैं अच्छी तरह समझती हूं कि वर्ल्ड नंबर 1 तक पहुंचना कितना मुश्किल है. यह मेरे लक्ष्यों में से एक था. हालांकि, अभी मैं ज्यादा कुछ नहीं कर सकती. सीजन के बीच में मैंने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया था. एलेना ने बाजी मारी और बहुत अच्छा खेलीं. उन्होंने नंबर वन की पोजिशन हासिल कर ली. मैं इसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं कर सकती.”

पेगुला को 7-5, 6-2 से हराकर सबालेंका ने अपने चौथे यूएस ओपन फाइनल में जगह बनाई. वह न्यूयॉर्क में लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने की कोशिश कर रही हैं. ओपन एरा में अब तक सिर्फ क्रिस एवर्ट और सेरेना विलियम्स ने ही लगातार कम से कम तीन यूएस ओपन खिताब जीते हैं. दो बार की डिफेंडिंग चैंपियन सबालेंका अब तीसरी खिलाड़ी बनने की कोशिश में हैं.

सबालेंका ने जोर देकर कहा कि वह अपना फोकस खुद पर रख रही हैं और किसी न किसी स्टेज पर रिबाकिना से वर्ल्ड नंबर 1 रैंकिंग वापस लेने की कोशिश करेंगी. “मैं सिर्फ़ खुद पर फोकस कर सकती हूं, मौजूदा पल में रह सकती हूं और अभी अपना बेस्ट देने की कोशिश कर सकती हूं. बस मजबूती से खेलती रहूंगी, और शायद मैं उनसे यह रैंकिंग वापस ले लूंगी.”

उन्होंने आगे कहा, “यह थोड़ा अजीब लगता है कि आप टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करें और फिर भी आपसे नंबर 1 की पोजीशन छिन जाए. कोई बात नहीं. यह खेल है. मुझे यह पसंद है. खेल की यही तो खूबसूरती है. हर कोई एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश में रहता है. बात बस छोटी-छोटी चीजों को बेहतर बनाने और उनमें सुधार करने की है.”

सबालेंका ने कहा कि वह खिताब के लिए लड़ने और जीत के लिए सब कुछ करने को तैयार हैं. उन्होंने कहा, “अगर मुकाबला एलेना से हुआ, तो यह वाकई मुश्किल होगा. वह बहुत जबरदस्त सर्विस करती हैं. पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने अपने बेसलाइन गेम में काफी सुधार किया है, इसलिए यह मुकाबला शारीरिक और मानसिक रूप से चुनौतीपूर्ण होगा. मैंने जैसा कहा कि मैं मुकाबले के लिए तैयार हूं. मैं जीत हासिल करने के लिए कुछ भी करने को तैयार हूं.”

एसएम/डीकेपी