मेगा से ज्यादा मिनी ऑक्शन में प्लानिंग की जरूरत, पिछले 4 वर्षों में हमने टैलेंट की अच्छी पहचान की है: जोनाथन बैटी

कोच्चि, 28 अक्टूबर . दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के हेड कोच जोनाथन बैटी ने कहा कि मेगा ऑक्शन की तुलना में मिनी ऑक्शन के लिए और भी ज्यादा प्लानिंग की जरूरत होती है. उन्होंने बताया कि सभी पांच फ्रेंचाइजियों को सीमित बजट और स्लॉट के साथ कई तरह की संभावित स्थितियों के लिए तैयारी करनी पड़ती है.

Wednesday को कोच्चि में होने वाली महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 की नीलामी में कुल 150 खिलाड़ी (122 भारतीय और 28 विदेशी) शामिल होंगे, और पांच फ्रेंचाइजियों के पास कुल 27 स्लॉट खाली हैं. चार बार उपविजेता रह चुकी दिल्ली कैपिटल्स की टीम डब्ल्यूपीएल 2027 की नीलामी में 1.10 करोड़ रुपये के बजट और पांच खाली स्लॉट के साथ उतरेगी.

डब्ल्यूपीएल के social media प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किए गए एक वीडियो में बैटी ने कहा, “मुझे लगता है कि यह एक अच्छा मौका है यह देखने का कि पिछले सीजन में क्या-क्या बहुत अच्छा रहा. जाहिर है कि खिलाड़ियों को रिटेन करने और रिलीज करने का काम लगभग एक महीना पहले ही हो चुका था, इसलिए हमारे पास यह सोचने के लिए काफी समय था कि हमें किन चीजों की जरूरत है.”

उन्होंने आगे कहा, “मिनी ऑक्शन में भी काफी प्लानिंग करनी पड़ती है, और कई बार तो मेगा ऑक्शन से भी अधिक प्लानिंग की जरूरत होती है, क्योंकि इसमें कई अलग-अलग रास्ते या स्थितियां हो सकती हैं. इसी कारण यह काफी मजेदार भी है.” उन्होंने यह भी कहा कि इस प्लानिंग में डीसी के स्काउट्स (खिलाड़ियों को खोजने वाली टीम) का अहम योगदान रहता है. इन्हीं स्काउट्स ने नंदनी शर्मा, एन श्री चरणी और निकी प्रसाद को खोजा था, जो India के लिए भी खेल रही हैं.

डीसी के हेड कोच ने कहा, “पिछले चार वर्षों में हमने एक काम बहुत अच्छे से किया है, और वह है टैलेंट की पहचान करना. हमारे स्काउट्स ने नंदनी शर्मा, श्री चरणी और निकी प्रसाद जैसे खिलाड़ियों को खोजा. उन्होंने काफी तरक्की की है और अब वे सभी India के लिए खेल रही हैं. इसी वजह से हम अपने स्काउटिंग ग्रुप पर भरोसा करते हैं, क्योंकि उन्होंने हमें कुछ बेहतरीन नाम दिए हैं और सही फैसले लेने में मदद की है.”

बैटी ने आगे कहा कि टूर्नामेंट में दिल्ली कैपिटल्स के लगातार अच्छे प्रदर्शन के पीछे सही खिलाड़ियों का चयन एक अहम कारण रहा है, लेकिन अभी भी खिताब जीतना बाकी है. डब्ल्यूपीएल का पांचवां सीजन 14 जनवरी से 7 फरवरी 2027 तक चलेगा, लेकिन इसके वेन्यू (स्थान) अभी तय नहीं हुए हैं.

“सबसे अहम बात मैदान पर सही खिलाड़ियों का होना है, इसलिए खिलाड़ियों का चयन बहुत मायने रखता है. पिछले चार वर्षों में हमने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है. अगर आप पिछले चार वर्षों में लगातार चारों फाइनल में पहुंचे हैं, तो यह वाकई शानदार है. जाहिर है कि हमारा काम अभी पूरा नहीं हुआ है, हमने अभी तक ट्रॉफी नहीं जीती है. इस साल भी हमारा यही लक्ष्य है, इसलिए हम पांचवीं बार ट्रॉफी जीतने की पूरी कोशिश करेंगे.”

–

एसएम/एबीएम