
मुरादाबाद, 7 नवंबर . उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में नागफनी थाना क्षेत्र के दसवां घाट इलाके में तौकीर नाम के व्यक्ति ने धारदार हथियार से पत्नी फरीन का गला काट दिया और फिर खुद को भी घायल कर लिया. दोनों की हालत गंभीर है और जिला अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. फरहीन ने अपने पति पर घरेलू हिंसा करने का आरोप लगाया है.
जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर जुनैद अहमद ने कहा, “दो लोग घायल अवस्था में लाए गए थे. गिंगना निवासी फरीन (25) थाना नाक क्षेत्र की रहने वाली हैं और उनके पति तौकीर (26) थाना नाक क्षेत्र के निवासी हैं. उन्हें प्राथमिक उपचार देकर भर्ती कर लिया गया है.”
उन्होंने कहा कि इन दोनों के गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान हैं. अभी इन्हें निगरानी में रखा गया है. अभी 24 घंटे तक कुछ नहीं कहा जा सकता.
पीड़िता फरीन ने कहा, “उसने मेरी गर्दन काट दी, फिर अपनी काट ली गुस्से में. वह कहता था कि तू मेरे साथ नहीं रहना चाहती. पहले भी बहुत मारता था. मैं कई बार थानों में गई, लेकिन मुझे भगा दिया जाता था. कोई मेरी बात नहीं सुनता था. Police वाले भी मेरी मदद नहीं करते थे.”
उन्होंने कहा कि मेरे छोटे-छोटे बच्चे हैं. मेरे मां-बाप बहुत गरीब हैं. आप ध्यान दीजिए. मेरे मां-बाप को भी चैन से नहीं रहने देता था. पहले मेरी गर्दन काटी, फिर अपनी गर्दन काट ली.
पीड़िता की मां शबाना ने कहा, “दोनों के बीच लड़ाई-झगड़ा चलता रहता था. दोनों ने अपनी मर्जी से शादी की थी. इनके पिता ने दोनों की शादी कराई थी. आज कोई विशेष बात नहीं थी. सबने खाना खाया था. इसके बाद पता नहीं क्या हुआ कि दोनों ने अपनी गर्दन काट ली.”
उन्होंने कहा कि जब मैं घर पहुंची तो देखा कि घर में लोग इकट्ठा थे. मैंने पूछा क्या हुआ, तो पता चला कि मेरी बच्ची घायल पड़ी है. हमें कुछ समझ नहीं आया कि अचानक ऐसा कैसे हो गया. हम बस यही चाहते हैं कि मेरी बच्ची को न्याय मिले और उसकी ठीक तरह से मदद की जाए.
–
Skip to content