‘मित्रता’ के बाद अब ‘पार्टी एनिमल्स’ में नजर आएंगे विराज घेलानी, बोले- ‘फुल-ऑन मस्ती फिल्म है’

Mumbai , 13 अक्टूबर . एक्टर और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर विराज घेलानी अपनी नई फिल्म ‘पार्टी एनिमल्स’ के साथ दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार हैं. दोस्ती, मस्ती और गलत फैसलों के चलते एक रात की कहानी पर बनी इस कॉमेडी फिल्म में विराज लीड रोल में नजर आएंगे.

एक्टर ने फिल्म को ‘फुल-ऑन मस्ती फिल्म’ बताया है. उनका कहना है कि इसमें दोस्ती, पागलपन और ऐसे हालात देखने को मिलेंगे, जो हर पल और मजेदार होते जाएंगे.

विराज ने फिल्म को लेकर कहा, “पार्टी एनिमल्स एक अलग तरह की फिल्म है. यह फुल-ऑन मस्ती फिल्म है. मैं काफी एक्साइटेड हूं कि दर्शक इसे बड़े पर्दे पर देखें. इसमें दोस्ती, पागलपन और ऐसे हालात हैं, जो लगातार और ज्यादा मजेदार होते जाते हैं. फिल्म की दुनिया में काफी एनर्जी है और दर्शक इससे खुद को जोड़ पाएंगे. मैं इंतजार नहीं कर सकता कि सभी इसे सिनेमाघरों में देखें.”

यूडली फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘पार्टी एनिमल्स’ की कहानी Mumbai में सेट है. फिल्म में विराज घेलानी, मान पटेल का किरदार निभा रहे हैं, जबकि अर्जुन तनवर अरमान खन्ना के रोल में नजर आएंगे. दोनों बचपन के दोस्त हैं, जो एक रात पार्टी करने के लिए मिलते हैं. लेकिन उनकी यह मुलाकात जल्द ही मुश्किलों में बदल जाती है. रोमांटिक उलझनें, छोटी-छोटी बातों पर झगड़े और बिगड़ी परिस्थितियों को संभालने की उनकी कोशिशें मामले को और उलझा देती हैं.

फिल्म के प्रोड्यूसर सिद्धार्थ आनंद कुमार ने कहा, ”यह फिल्म बिना किसी झिझक के पागलपन, बेबाकी और अपने ही मजाक को समझने वाले अंदाज में आगे बढ़ती है. हम यह दिखाने की कोशिश नहीं कर रहे कि फिल्म के किरदारों का हर फैसला सही है. असल में, उनके फैसले जितने खराब होते जाते हैं, कहानी उतनी ही मजेदार बनती जाती है. कभी-कभी चीजों को उनके हाल पर छोड़कर पागलपन को आगे बढ़ने देना चाहिए.”

रवि छाबड़िया के निर्देशन में बनी इस फिल्म को विक्रम मेहरा और सिद्धार्थ आनंद कुमार ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म की कहानी अली हाजी, खुश मुल्लिक और वीर पंचाल ने लिखी है. इसमें प्रगति नागपाल, नकियाह हाजी, आलम खान, साकिब अयूब, कमलेश सावंत, अनिल चरंजीत, आरोन कौल, विजय पाटकर और मनोज जोशी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.

‘पार्टी एनिमल्स’ की कहानी में हॉलीवुड की कॉमेडी फिल्मों ‘द हैंगओवर’, ‘सुपरबैड’ और ’21 जंप स्ट्रीट’ जैसी फिल्मों की झलक देखने को मिलेगी.

‘पार्टी एनिमल्स’ 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

–

पीके/एबीएम