महाराष्ट्र में 40 लाख रुपए रिश्वत मामला: सीबीआई ने सीजीएसटी के अतिरिक्त आयुक्त समेत तीन लोगों को किया गिरफ्तार

Mumbai , 28 अगस्त . केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने Maharashtra के रायगढ़ जिले में कथित रिश्वतखोरी के एक बड़े मामले में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीGST) विभाग के एक अतिरिक्त आयुक्त, एक सुपरिंटेंडेंट और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. इस मामले में तीनों की गिरफ्तारी 27 अगस्त को हुई.

सीबीआई की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एजेंसी ने 26 अगस्त को सीGST के सुपरिंटेंडेंट के खिलाफ मामला दर्ज किया था. आरोप है कि उन्होंने शिकायतकर्ता की पत्थर खनन (स्टोन क्वैरी) फर्म से जुड़े GST और रॉयल्टी मामले को निपटाने के बदले 1.50 करोड़ रुपए की रिश्वत की मांग की थी.

जांच के दौरान आरोपित अधिकारियों और शिकायतकर्ता के बीच हुई बातचीत के बाद कथित रिश्वत की रकम घटाकर 40 लाख रुपए कर दी गई.

सीबीआई के मुताबिक, सरकारी अधिकारियों ने रिश्वत की रकम सीधे लेने के बजाय एक निजी व्यक्ति के माध्यम से वसूलने की व्यवस्था की थी और शिकायतकर्ता को उसी के पास रकम पहुंचाने को कहा गया था.

इसके बाद सीबीआई ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और निजी व्यक्ति को 40 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया. जांच एजेंसी का दावा है कि बाद में सीGST सुपरिंटेंडेंट और अतिरिक्त आयुक्त दोनों ने इस राशि की प्राप्ति को स्वीकार भी किया.

सीबीआई ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें सक्षम अदालत के समक्ष पेश किया जा रहा है. गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने आरोपियों के ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान एजेंसी को 43 लाख रुपए नकद और लगभग 90 लाख रुपए मूल्य के आभूषण बरामद हुए.

सीबीआई का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और रिश्वतखोरी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.

एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि क्या इस मामले में अन्य लोगों की भी संलिप्तता है और बरामद नकदी व आभूषणों का रिश्वत मामले से कोई संबंध है या नहीं.

एएमटी/एबीएम