
नालासोपारा, 7 नवंबर . Maharashtra के नालासोपारा में घरेलू विवाद और पत्नी के चरित्र पर शक के चलते उसकी हत्या करने के आरोपी ने Mumbai के ग्रांट रोड रेलवे स्टेशन पर लोकल ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली.
यह घटना उसकी पत्नी का शव नालासोपारा स्थित उनके घर से मिलने के कुछ ही घंटों बाद हुई.
कुछ ही घंटों के भीतर हुई इन दो घटनाओं से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. Police हत्या और उसके बाद हुई आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है.
नालासोपारा Police के मुताबिक, आरोपी की पहचान मजीद हनीफ खान (50) के रूप में हुई है, जो नालासोपारा पश्चिम के तकीपाड़ा स्थित अमन नगर की अल्ताफीफा बिल्डिंग का रहने वाला था. उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसके चलते अक्सर उनके बीच झगड़े और विवाद होते रहते थे.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, महिला अपने घर पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थीं. बच्चे को छोड़ने और लेने के लिए माता-पिता अक्सर उनके घर आते-जाते थे. बताया जा रहा है कि इन लोगों के आने-जाने को लेकर मजीद को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक होने लगा था, जिस वजह से उनके बीच अक्सर बहस होती थी.
मामले में दर्ज शिकायत के अनुसार, 6 नवंबर की रात परिवार ने एक साथ खाना खाया और देर रात तक टीवी देखा. इसके बाद उनकी बेटी हॉल में सोने चली गई, जबकि उसके माता-पिता बेडरूम में ही रहे.
7 नवंबर को सुबह करीब 5 बजे जब बेटी की नींद खुली तो उसने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा खुला था. जब वह बेडरूम में गई तो उसने अपनी मां को फर्श पर बेहोश पाया. उनके चेहरे और गर्दन पर चोट के निशान थे. उसके पिता घर से गायब थे.
बेटी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसके पिता ने किसी धारदार हथियार से उसकी मां पर हमला किया. चेहरे और गर्दन पर लगी गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
सूचना मिलने पर नालासोपारा Police थाने की एक टीम मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. Police ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया और उसकी तलाश शुरू कर दी.
इस बीच Police को जानकारी मिली कि मजीद हनीफ खान ने Mumbai के ग्रांट रोड रेलवे स्टेशन पर एक लोकल ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली है. Police अब घटनाओं के क्रम और उन परिस्थितियों की जांच कर रही है, जिनकी वजह से ये दोनों घटनाएं हुईं.
–
एएसएच/डीकेपी
Skip to content