मयूरासन के रोज अभ्यास से बढ़ेगी ताकत, संतुलन और एकाग्रता, जानें इसके फायदे

New Delhi, 28 नवंबर . योग पद्यति में कुछ ऐसे आसन होता हैं, जो सिर्फ शरीर को ही नहीं बल्कि मन को भी साधने का काम करते हैं. ‘मयूरासन’ उन्हीं में से एक खास आसन है. इस आसन के नियमित अभ्यास से शरीर का संतुलन बेहतर होता है. साथ ही कलाई, बांहों, कंधों और कोर की मांसपेशियों की ताकत भी बढ़ती है.

मयूरासन दो शब्दों से मिलकर बना है. ‘मयूर’ का अर्थ मोर और ‘आसन’ का अर्थ मुद्रा होता है. यह नाभि चक्र (मणिपुर चक्र) को जागृत कर व्यक्ति के भीतर आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है.

India Government के आयुष मंत्रालय ने मयूरासन को शक्ति, संतुलन और एकाग्रता बढ़ाने वाला आसन बताया है. यह आसन पेट के अंगों को सक्रिय कर पाचन शक्ति बढ़ाने और मांसपेशियों को मजबूत करने में अत्यधिक लाभकारी होता है. इस आसन में शरीर का भार मुख्य रूप से हथेलियों और कंधों पर होता है, जिससे कलाई, कंधे, पैर और पूरे शरीर की मांसपेशियां मजबूत होती हैं.

मयूरासन के नियमित अभ्यास से मानसिक स्थिरता बनी रहती है. दरअसल, इस आसन को करते समय मन इधर-उधर भटक नहीं सकता क्योंकि थोड़ा सा ध्यान भटकते ही शरीर गिर जाता है. इसलिए इस आसन में मन को एक ही जगह टिकाना पड़ता है. यही आदत धीरे-धीरे रोज की जिंदगी में भी आ जाती है. गुस्सा, घबराहट और बेचैनी कम होती है और मन शांत और स्थिर रहने लगता है.

इस आसन में सांस, शरीर और नजर तीनों को एक साथ साधना पड़ता है. नजर एक बिंदु पर, सांस धीमी और शरीर स्थिर रखना होता है. रोज 2-3 मिनट का ये अभ्यास दिमाग की भटकन को कम करता है. इससे पढ़ाई में मन लगता है, काम में फोकस बढ़ता है और याददाश्त भी तेज होती है.

शुरुआती अभ्यासियों को इसे हमेशा किसी प्रमाणित योग प्रशिक्षक की देखरेख में ही सीखना चाहिए. उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, हर्निया, अल्सर या ग्लूकोमा से पीड़ित व्यक्ति इसका अभ्यास न करें. गर्भावस्था और मासिक धर्म के दौरान इस आसन से बचना चाहिए.

–

एनएस/पीएम