मध्य प्रदेशः भारी बारिश से डिंडौरी में जनजीवन प्रभावित, स्कूल-आंगनबाड़ी बंद

डिंडौरी, 26 सितंबर . Madhya Pradesh के डिंडौरी जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. जिले की प्रमुख नदियां और नाले उफान पर हैं.

भारी बारिश के कारण जबलपुर-अमरकंटक मार्ग बंद हो गया है. जोगी टिकरिया पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण आवागमन रोक दिया गया है. वहीं जिला मुख्यालय का पुल भी पानी में डूबने की स्थिति में पहुंच गया है. जिला मुख्यालय से शहडोल मार्ग पर भी सुबह से आवागमन प्रभावित है. पुल के ऊपर पानी आने के कारण मार्ग बंद हो गया है. बजाग और करंजिया जनपद क्षेत्रों में भी भारी बारिश का असर देखने को मिल रहा है. इन क्षेत्रों के 100 से अधिक गांवों का संपर्क जनपद एवं जिला मुख्यालय से प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है.

जिले के अमरकंटक, बजाग, करंजिया सहित ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार तेज बारिश हो रही है. नदी-नालों के उफान पर आने से कई ग्रामीण मार्गों पर आवागमन बाधित हो गया है. कुछ स्थानों पर पानी घरों में घुसने की स्थिति भी बनी हुई है. प्रशासन की ओर से लोगों से नदी-नालों और पुल-पुलियों के पास नहीं जाने की अपील की गई है. संवेदनशील घाटों पर Police बल की तैनाती की जा रही है. वहीं, नर्मदा नदी के किनारे बसे लोगों को सुरक्षा की दृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों को खाली करने के निर्देश दिए गए हैं.

लगातार हो रही अत्यधिक वर्षा को देखते हुए कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर विद्यार्थियों और बच्चों की सुरक्षा के लिए 26 सितंबर को जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है.

यह अवकाश नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए लागू रहेगा. इसके साथ ही सीबीएसई स्कूल, नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय और अनुदान प्राप्त संस्थाओं में भी आज अवकाश रहेगा. जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी 26 सितंबर को बंद रहेंगे. हालांकि शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और अन्य संबंधित कर्मचारी अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहेंगे.

अत्यधिक बारिश और बिगड़े मौसम को देखते हुए Saturday को करंजिया में आयोजित होने वाला जन विश्वास अभियान कैंप भी स्थगित कर दिया गया है. प्रशासन के अनुसार मौसम सामान्य होने के बाद कैंप के आयोजन की नई तिथि घोषित की जाएगी.

भू-संसाधन प्रबंधन कार्यालय से प्राप्त दैनिक वर्षा के आंकड़ों के अनुसार, जिले में पिछले 24 घंटे में कुल 650.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है. जिले की औसत वर्षा 92.9 मिमी रही. सबसे अधिक बारिश बजाग में 143.0 मिमी दर्ज की गई. इसके अलावा डिंडौरी में 93.2 मिमी, अमरपुर में 96.3 मिमी, समनापुर में 89.0 मिमी, करंजिया में 80.0 मिमी, शहपुरा में 64.4 मिमी और मेहदवानी में 84.3 मिमी बारिश दर्ज की गई.

जिले की सामान्य औसत वार्षिक वर्षा 1404.8 मिमी है. इस वर्ष 1 जून से 26 सितंबर तक जिले में कुल 8236.1 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जिसका औसत 1176.6 मिमी है.

दीर्घ सामान्य वर्षा की तुलना में जिले में अब तक 83.74 प्रतिशत वर्षा हो चुकी है. गत वर्ष इसी अवधि में औसतन 3.9 मिमी बारिश दर्ज की गई थी. आंकड़ों के अनुसार गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष अब तक कुल वर्षा में 5.83 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है.

लगातार बारिश और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों, पुल-पुलियों और घाटों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है. प्रशासन और Police की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

–

ओपी/एएस